नई दिल्ली: पुर्तगाली फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो सोमवार (2 फरवरी) को अल नस्र के अल रियाद के खिलाफ सऊदी प्रो लीग मैच में शामिल नहीं हुए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वह क्लब की ट्रांसफर नीति से असंतुष्ट होने के चलते हड़ताल पर हैं। पुर्तगाल की मीडिया ए रिपोर्ट के अनुसार पांच बार बैलन डी’ओर जीतने वाले रोनाल्डो इस बात से नाराज हैं कि अल नस्र ने लीग खिताब के लिए अपनी टीम को और मजबूत नहीं किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोनाल्डो का मानना है कि सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) बाकी तीन क्लबों को विशेष सुविधाएँ दे रहा है। सऊदी प्रो लीग में PIF के तहत चार क्लब शामिल हैं: अल नस्र, अल हिलाल, अल अहली और अल इत्तिहाद। सऊदी मीडिया की खबर के अनुसार, अल नस्र के सीईओ जोस सेमेडो ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अल हिलाल ने ट्रांसफर विंडो का भरपूर फायदा उठाया
40 साल के रोनाल्डो ने इस सीजन में अब तक 17 गोल दागे हैं। उनकी टीम 19 मैचों में 46 अंकों के साथ सऊदी प्रो लीग टेबल में दूसरे स्थान पर है, जो 47 अंकों के साथ टॉप पर मौजूद अल हिलाल के बिल्कुल पीछे है। वहीं, अल हिलाल ने ट्रांसफर विंडो का फायदा उठाते हुए अपनी टीम को मजबूत किया है। उन्होंने आर्सेनल के पूर्व डिफेंडर पाब्लो मारी के साथ डील पूरी की है और रेनेस के कादर मेटे के लिए 26 मिलियन यूरो की डील में भी उनका नाम जुड़ रहा है। इसके अलावा, वे अल इत्तिहाद के खिलाड़ी करीम बेंजेमा के लिए भी कोशिश कर सकते हैं।
करीब, बेंजेमा भी हड़ताल पर
रोनाल्डो के रियल मैड्रिड के पूर्व साथी करीम बेंजेमा ने भी अपने मौजूदा क्लब में हड़ताल कर दी है, क्योंकि उन्हें कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने का ऑफर अपमानजनक लगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बेंजेमा हर हफ्ते 1.6 मिलियन यूरो कमाते हैं और उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इस गर्मी में समाप्त हो रहा है। पिछले हफ्ते जब अल इत्तिहाद ने उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट ऑफर किया, तो बेंजेमा को यह प्रस्ताव इतना ठेस पहुंचाने वाला लगा कि उन्होंने रविवार को अल नजमा के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं लिया। फिलहाल अल इत्तिहाद 19 मैचों में 34 अंकों के साथ लीग टेबल में छठे स्थान पर है।
इवान टोनी ने जुवेंटस का ऑफर ठुकराया
ब्रेंटफोर्ड के पूर्व स्ट्राइकर इवान टोनी ने इस ट्रांसफर विंडो में जुवेंटस और दो प्रीमियर लीग क्लबों के ऑफर को ठुकरा दिया है। टोनी वर्तमान में अल अहली में संतुष्ट हैं और उनका मानना है कि वे पहले से ज्यादा फिट और तेज हो गए हैं। उन्होंने अल अहली के लिए 72 मैचों में 56 गोल किए हैं और वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड टीम में जगह बनाने के लिए लगातार गोल करना चाहते हैं। उन्हें जून के इंटरनेशनल कैंप में थॉमस ट्यूशेल की थ्री लायंस टीम में शामिल किया गया था। अल अहली ने उन्हें 18 महीने पहले ब्रेंटफोर्ड से 40 मिलियन यूरो में साइन किया था।

