नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि 2027 का व्यस्त शेड्यूल उनके टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने का एक कारण रहा। अब उनकी ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) पर है, जिसमें वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान के रूप में खेलेंगे। कमिंस की जगह ऑस्ट्रेलिया की टीम में आगामी श्रीलंका और भारत में होने वाले टूर्नामेंट के लिए बेन ड्वार्शियस को शामिल किया गया है।
पिछले साल जुलाई में ऑस्ट्रेलिया के कैरेबियाई दौरे के बाद से पैट कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। उस समय से उन्होंने केवल एक ही मैच खेला है, वह एडिलेड में खेले गए एशेज के तीसरे टेस्ट थे। ऑस्ट्रेलिया की सीरीज जीत के बाद कमिंस और टीम मैनेजमेंट ने टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया कि वह आखिरी दो टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। हालांकि, इसके बाद भी कमिंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो पाए और अपने भविष्य को देखते हुए किसी जोखिम से बचने का फैसला किया। कमिंस के करियर की शुरुआत में उन्हें कई सालों तक पीठ की समस्याओं का सामना करना पड़ा था।
कमिंस का बयान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेजन प्राइम वीडियो के अंबेसडर पैट कमिंस ने बताया, “यह दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं फिलहाल काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं, बस थोड़ी सी दिक्कत रही और समय कम पड़ गया। मैं कुछ हफ्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे देखूंगा। एडिलेड टेस्ट मैच के बाद हमें पता था कि हड्डी को ठीक से सेट होने और फिर से मजबूत होने में चार से आठ हफ्ते लग सकते हैं। शुरू में हमें लगा था कि इसे ठीक होने में सिर्फ चार हफ्ते लगेंगे। मैं अच्छा महसूस कर रहा था, लेकिन हाल ही में किया गया स्कैन दिखाता है कि इसमें शायद कुछ और हफ्तों का समय लगेगा।”
ऑस्ट्रेलिया का तंग मैच शेड्यूल
ऑस्ट्रेलिया का 2026-27 का सीजन अगस्त में डार्विन और मैके में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैचों से शुरू होगा। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के बाद टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जो 2018 के बाद पहली बार होगा। उस समय सैंडरपेपर कांड हुआ था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। 2027 की शुरुआत में टीम भारत के पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए दौरे पर जाएगी। उसके बाद मेलबर्न में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के अवसर पर इंग्लैंड के खिलाफ एक विशेष टेस्ट मैच खेला जाएगा।
कमिंस अगले 18 महीनों में चोट से बचना चाहते हैं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पैट कमिंस ने कहा कि वह आने वाले 18 महीनों में किसी परेशानी का सामना नहीं करना चाहते। 32 साल के कमिंस ने बताया, “हमने सोचा कि साल के पहले हाफ में थोड़ा संभलकर खेलना बेहतर रहेगा, ताकि आगे आने वाले क्रिकेट को देखते हुए चोट से बचा जा सके। ठीक होने के बाद उम्मीद है कि आपको इसकी चिंता नहीं करनी पड़ेगी और आप सभी टेस्ट मैच खेल पाएंगे। अगर अभी सावधानी नहीं बरती गई और चोट बढ़ गई तो स्थिति कठिन हो सकती है।”
IPL में वापसी पर फोकस
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को उम्मीद है कि 26 मार्च से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में वह अपनी टीम का नेतृत्व करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “पीठ की स्थिति के आधार पर ही आगे का फैसला लिया जाएगा। कुछ हफ्तों में एक और स्कैन होगा और अगर सब कुछ ठीक रहा तो धीरे-धीरे वापसी की जाएगी। टी20 मैच, टेस्ट की तुलना में कम थकाने वाले होते हैं, इसलिए मैं इस वर्ल्ड कप में खेलते हुए काफी करीब था।”

