नई दिल्ली : इंग्लैंड ने श्रीलंका का 3 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करके बता दिया कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तैयार है। पल्लेकेले में मंगलवार (3 फरवरी) को इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 129 रनों के लक्ष्य का बचाव किया। इंग्लैंड की यह लगातार 11वीं जीत थी। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 9 विकेट पर 128 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 19.3 ओवर में 116 रन पर आउट हो गई। इससे दुष्मंथा चमीरा के 5 विकेट पर जैकब बेथल और विल जैक्स ने पानी फेर दिया। बेथल ने 4 और जैक्स ने 3 विकेट झटके। मैच में केवल एक बल्लेबाज सैम करन ही अर्धशतक लगा पाए।
इंग्लैंड की पारी: शुरुआती झटकों के बाद संभली टीम
इंग्लैंड को बड़ा झटका तब लगा जब फिल साल्ट कमर के अकड़न के चलते मैच से बाहर हो गए। उनकी जगह खेलने वाले बेन डकेट गोल्डन डक हो गए। अंग्रेजों के लिए सैम करन ने सबसे ज्यादा 48 गेंद पर 58 रन बनाए। उनके अलावा केवल जोस बटलर 21 गेंद पर 25 और लियाम डॉसन 20 गेंद पर 14 रन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए।
दुष्मंथा चमीरा ने 5 विकेट झटके आदिल रशीद 7 और ल्यूक वुड 1 रन बनाकर नाबाद रहे। बेथल ने 3, टॉम बैंटन ने 7, हैरी ब्रूक ने 4, विल जैक्स ने 3 और जेमी ओवरटन ने 2 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दुष्मंथा चमीरा ने 24 रन देकर 5 विकेट लिए। मथीसा पथिराना ने 2 विकेट लिए दुनिथ वेलालगे और महेश तीक्ष्णा ने 1-1 विकेट लिए।
श्रीलंका की पारी: दबाव में लड़खड़ाया रनचेज़
श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन कुसल मेंडिस ने बनाए, जिन्होंने 26 रनों की पारी खेली, जबकि पथुम निसांका ने 12 गेंदों में 23 रन जोड़े। जनिथ लियांगे ने 17, कामिंडू मेंडिस ने 14 और पवन रथनायके ने 13 रन का योगदान दिया। इसके अलावा दुनिथ वेलालगे ने 9 और कप्तान दसुन शानाका ने 4 रन बनाए। कामिल मिशारा और दुष्मंथा चमीरा खाता खोले बिना आउट हो गए, वहीं महेश तीक्ष्णा 2 रन बना सके और मथीशा पथिराना 2 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की गेंदबाज़ी में बेथल सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3.3 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि विल जैक्स ने 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

