टी-20 वर्ल्ड कप वॉर्मअप: भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया, नामीबिया और अफगानिस्तान की जीत

0

नवी मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले खेले जा रहे वॉर्मअप मुकाबलों में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया। वहीं अन्य मैचों में नामीबिया ने स्कॉटलैंड को 6 रन से मात दी और अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हराया। आयरलैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 240 रन बनाए। ईशान किशन ने मात्र 20 गेंदों में अर्धशतक जमाया। तिलक वर्मा ने 45, हार्दिक पंड्या ने 30, अक्षर पटेल ने 35, अभिषेक शर्मा ने 24 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 रन का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्या और क्वेन मफाका ने एक-एक विकेट लिया।

241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 7 विकेट पर 210 रन ही बना सकी। रायन रिकेल्टन ने 44, ट्रिस्टन स्टब्स ने 45 और मार्को यानसन ने 31 रन बनाए। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। बेंगलुरु के बीसीसीआई ग्राउंड-2 पर खेले गए मैच में नामीबिया ने स्कॉटलैंड को 6 रन से हराया। स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मैकमुलन ने 95 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।

एक अन्य मुकाबले में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हराया। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने 35 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कोलंबो में आयरलैंड और पाकिस्तान के बीच वॉर्मअप मैच बारिश के कारण टॉस से पहले ही रद्द कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here