25.3 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

दिल्ली कैपिटल्स का चौथा फाइनल: क्या जेमिमा इतिहास रच पाएंगी?

नई दिल्ली: नौ जनवरी को शुरू हुई विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का खिताबी मुकाबला 5 फरवरी की शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वडोदरा के कोतांबी बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2024 के संस्करण की चैंपियन रही है और लीग चरण में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करने के बाद यह टीम अपना दूसरा खिताब जीतने की कोशिश करेगी। WPL का यह चौथा संस्करण है और दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया है, जो एक रिकॉर्ड है।

दुनिया की किसी भी टी20 लीग में कोई भी टीम ने लगातार चार संस्करण का खिताबी मुकाबला नहीं खेला है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स चार में से एक भी बार चैंपियन नहीं बन पाई है। ऐसे में तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स हार का मिथक तोड़ने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। दिल्ली कैपिटल्स की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी की बात करें तो उसने 2020 संस्करण में फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन तब उसे मुंबई इंडियंस के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। तब दिल्ली कैपिटल्स की कमान श्रेयस अय्यर के पास थी। आईपीएल और डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कमान गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, मेग लैनिंग जैसी दिग्गज खिलाड़ी संभाल चुके हैं। हालांकि, कोई भी खिताब नहीं जीत पाया।

ऐसे में गुरुवार शाम यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि जो काम मेग लैनिंग, गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल जैसे दिग्गज नहीं कर पाए, वह युवा जेमिमा रोड्रिग्स कर पाएंगी या नहीं। इस बार दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी फ्रेंचाइजी की कमान जेमिमा रोड्रिग्स को सौंपी है। हालांकि, अगर दिल्ली कैपिटल्स को हार के पुराने मिथक को तोड़ना है, तो टीम को खेल के महत्वपूर्ण क्षणों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।

रोमांचक होगा RCB बनाम दिल्ली कैपिटल्स फाइनल

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए यह निश्चित है कि फाइनल रोमांचक होने वाला है। आरसीबी ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है और मुश्किल परिस्थितियों में वापसी करने की क्षमता साबित की है। इसी जुझारूपन की बदौलत उसने लगातार पांच जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करते हुए इतिहास रचा। वह डब्ल्यूपीएल में ऐसा करने वाली पहली टीम है। इस सत्र में आरसीबी की किसी न किसी खिलाड़ी ने जरूरत के समय अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे उसे हराना किसी भी टीम के लिए चुनौती बन गई है।

शानदार लय में है स्मृति मंधाना की टीम

आरसीबी ने पिछले दो मैच में उसने शानदार प्रदर्शन कर अच्छी लय के साथ फाइनल में प्रवेश किया है। पिछले मैच में आरसीबी ने यूपी वॉरियर्स को ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्रेस हैरिस की 75 रन की तूफानी पारी की मदद से हराया, जबकि गुजरात जायंट्स के खिलाफ गौतमी नाइक की 73 रन की पारी की मदद से 61 रन से जीत दर्ज की थी। आरसीबी की चिंता उसकी कुछ बैटर्स के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। इनमें स्मृति मंधाना, ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल और ऋचा घोष भी शामिल हैं, लेकिन कुछ अवसरों पर उनका योगदान निर्णायक साबित हुआ है।

ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं नादिन डी क्लर्क

हालांकि, पेसर नादिन डी क्लर्क और सायली सतघरे ने अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका की नादिन डी क्लर्क ने इस सत्र में 8 मैच में 15 विकेट लिए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 4 विकेट है। फाइनल में उनकी भूमिका निर्णायक साबित हो सकती है। श्रेयांका पाटिल टीम को स्पिन विभाग में मजबूती प्रदान करती हैं, जिसका प्रमाण गुजरात जायंट्स के खिलाफ मिली जीत में देखने को मिला। उस मैच में श्रेयांका पाटिला ने पांच विकेट लिए थे।

लय में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी लाइन-अप

नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। पिछले तीन टूर्नामेंट में उपविजेता रहने के बाद जेमिमा पहली बार फाइनल जीतने के लिए पूरी तरह उत्साहित हैं। टीम ने अपनी गेंदबाजी लाइनअप पर पूरा भरोसा जताया है, जिसमें पेसर चिनले हेनरी और नंदनी शर्मा ने नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस सत्र में नंदनी ने अब तक 16 विकेट लेकर भारतीय टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया है और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं, बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग लाइन-अप भी लगातार लय में नजर आ रही है।

शेफाली वर्मा की फॉर्म में वापसी

गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में लिजेल ली ने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। शेफाली वर्मा ने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। वहीं, शीर्ष क्रम की भरोसेमंद बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट ने पूरे सत्र में टीम को स्थिरता प्रदान की है। दिल्ली कैपिटल्स की हर खिलाड़ी फाइनल में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित है।

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें

दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), तानिया भाटिया, (विकेटकीपर), लुसी हैमिल्टन, चिनेले हेनरी, मारिजान कैप, अलाना किंग, लिजेल ली, मिन्नू मणि, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, शैफाली वर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, प्रगति सिंह, एडडला स्रुजाना, लॉरा वोलवार्ट।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), लॉरेन बेल, नादिन डी क्लर्क, ऋचा घोष (विकेटकीपर), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, गौतमी नाइक, श्रेयांका पाटिल, कुमार प्रत्यूषा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, लिंसे स्मिथ, पूजा वस्त्राकर, जॉर्जिया वोल, राधा यादव।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles