नई दिल्ली : इंग्लैंड को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय टीम के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार (7 फरवरी) को इनामी राशि की घोषणा की। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि आयुष म्हात्रे की कप्तानी में चैंपियन बनी इस टीम को बोर्ड की ओर से 7.5 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह राशि सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के बीच भी बांटी जाएगी, जिन्होंने टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में अहम भूमिका निभाई।
देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को हराकर भारत की जीत से पूरा देश खुश है। हमने वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है।” भारत ने वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक 175 रनों की शानदार पारी के दम पर इंग्लैंड को 100 रनों से मात दी और छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराया
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 411 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसमें वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में शानदार 175 रन बनाए। इसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों में तेज 40 रन बनाए। इंग्लैंड के कैलेब फाल्कनर ने 115 रन बनाए,लेकिन मेहमान टीम 412 रन के विशाल लक्ष्य से पीछे रह गई।
भारत छठी बार बना चैंपियन
भारत के शानदार प्रदर्शन ने यूथ वनडे फाइनल में छक्कों का नया रिकॉर्ड भी कायम किया। भारतीय टीम की पारी में कुल 31 छक्के लगे, जो इस स्तर पर अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 23 छक्कों का था। भारत ने इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में जीता था और अब छठी बार चैंपियन बनकर अपनी बादशाहत को और मजबूत कर लिया। वहीं, इंग्लैंड को 1998 के बाद से अपने दूसरे अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब का इंतजार अब भी जारी है।


