मुंबई : टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को 29 रन से पराजित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए।

भारत की शुरुआत खराब रही और टीम के चार विकेट मात्र 46 रन पर गिर गए। मुश्किल समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर 84 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अन्य बल्लेबाजों से खास योगदान नहीं मिल सका और छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रनों की पारी खेली। भारतीय गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में मजबूत इरादों के साथ कदम रखा है।

