T20 WC 2026: स्कॉटलैंड ने पहले मैच में रचा इतिहास, कोई एसोसिएट देश नहीं कर पाया ऐसा

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे दिन खेले गए पहले मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। ग्रुप सी के इस मैच में इटली के खिलाफ स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 207 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहला मौका था जब किसी एसोसिएट देश ने 200 रन का आंकड़ा पार किया। इसके अलावा, यह किसी एसोसिएट देश का टी20 वर्ल्ड कप में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बना।

इटली के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम के लिए ओपनर जॉर्ज मुन्से ने 54 गेंद में 84 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा ब्रेंडन मैकमुल्लेन ने 18 गेंद में नाबाद 41 और माइकल लीस्क ने 5 गेंद में नाबाद 22 रन बनाकर स्कॉटलैंड को 200 के पार पहुंचाया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर स्कॉटलैंड ने इटली के सामने चुनौतीपूर्ण रिकॉर्ड लक्ष्य रखा। स्कॉटलैंड को इस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली थी, क्योंकि वह बांग्लादेश के बाहर होने के बाद टूर्नामेंट में शामिल हुई थी।

टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट देशों के सबसे बड़े स्कोर

207/4 – स्कॉटलैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026 (पहली पारी)*
197/3 – यूएसए बनाम कनाडा, डल्लास, 2024 (दूसरी पारी)
194/5 – कनाडा बनाम यूएसए, डल्लास, 2024 (पहली पारी)
193/4 – नीदरलैंड बनाम आयरलैंड, सिल्हट, 2014 (दूसरी पारी)
189/4 – आयरलैंड बनाम नीदरलैंड, सिल्हट, 2014 (पहली पारी)

स्कॉटलैंड के ओपनर्स ने बनाया रिकॉर्ड शतकीय पार्टनरशिप

स्कॉटलैंड के ओपनर्स जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने 126 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका था जब किसी एसोसिएट देश की ओपनिंग जोड़ी ने 100 से अधिक रनों की साझेदारी की। इस दौरान मुन्से ने 84 और जोन्स ने 37 रन बनाए। इससे पहले 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में ओमान के जतिंदर सिंह और आकिब इलियास ने 131 रन की साझेदारी कर यह रिकॉर्ड कायम किया था।

इटली की टीम को बीच मैच में बड़ा झटका

मैच के चौथे ओवर में ही इटली के कप्तान वैन मैडसन बुरी तरह चोटिल हो गए। फील्डिंग के दौरान उनके कंधे में चोट लगी, जिसके बाद फिजियो उन्हें मैदान से बाहर ले गए। चोट इतनी गंभीर थी कि मैडसन इस मैच से ही बाहर हो गए और अब उनके वर्ल्ड कप के आगे के अभियान पर भी संकट मंडरा रहा है। अपने वर्ल्ड कप के डेब्यू मैच में इटली को यह बहुत बड़ा झटका लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here