नई दिल्ली : भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना दूसरा मैच 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलेगी, लेकिन इस मुकाबले से पहले टीम की चिंताएं बढ़ गई हैं। मैच से एक दिन पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आई। मंगलवार को सहायक कोच रियान टेन डेशकाटे ने भी पुष्टि की थी कि अभिषेक पेट की समस्या से जूझ रहे हैं और इसी कारण वह अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले सके।
हालांकि राहत की बात यह है कि जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर अब टीम से जुड़ चुके हैं। दोनों ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित ट्रेनिंग सेशन में जमकर पसीना बहाया। ऐसे में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में तीन अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
क्या फिर बदलेगी टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी?
अभिषेक शर्मा का नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में खेलना बेहद मुश्किल है। एएनआई ने भी बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया है कि अभिषेक के पेट की समस्या के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनके नहीं खेलने पर संजू सैमसन और इशान किशन ओपनिंग कर सकते हैं। यानी यह तीसरा कॉम्बिनेशन पिछले एक महीने के भीतर ओपनिंग करते हुए नजर आएगा।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने वर्ल्ड कप से पहले ओपनिंग की थी। फिर संजू सैमसन आउट ऑफ फॉर्म हुए और तिलक की वापसी हुई तो इशान और अभिषेक की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की। अब अभिषेक के फिटनेस इश्यू के बाद संजू और इशान की जोड़ी पारी की शुरुआत करते नजर आ सकती है। यह दोनों ही विकेटकीपर ओपनर बल्लेबाज हैं। राइट-लेफ्ट का कॉम्बिनेशन भी दोनों देते हैं।
क्या शिवम दुबे की जगह वाशिंगटन सुंदर को मिलेगा मौका?
वाशिंगटन सुंदर अब टीम से जुड़ चुके हैं और मोहम्मद सिराज की जगह जसप्रीत बुमराह की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। ऐसे में यदि प्लेइंग इलेवन में पहले से तीन तेज गेंदबाज मौजूद रहते हैं, तो कप्तान और कोच संयोजन में संतुलन लाने के लिए एक स्पिन ऑलराउंडर को मौका दे सकते हैं। शिवम दुबे की जगह सुंदर को आजमाया जा सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि अभिषेक शर्मा पार्ट-टाइम स्पिन विकल्प भी देते हैं। उनके उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में टीम को तीसरे स्पिनर की जरूरत पड़ सकती है, और इस समीकरण के चलते सुंदर को अंतिम एकादश में शामिल किया जाना संभव है।
नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे/वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

