नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को न्यूजीलैंड ने यूएई के खिलाफ 175 रन की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी करते हुए 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कीवी टीम ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी सफलता हासिल की। मुकाबले में ओपनर फिन एलन ने 50 गेंदों पर 84 रन की तेजतर्रार पारी खेली और टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 5000 रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह उपलब्धि इससे पहले 20 दिन पूर्व अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज थी, जिसे अब एलन ने पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
फिन एलन ने यूएई के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में ताबड़तोड़ पारी खेली और अपने 5000 टी20 रन 2854 गेंद पर पूरे कर लिए। उन्होंने यह कारनामा गेंदों के लिहाज से अभिषेक शर्मा से तेज किया। अभिषेक ने पिछले महीने 21 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में ही यह उपलब्धि अपने नाम दर्ज की थी। अब 20 दिन बाद उनका यह रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया है।
टी20 में सबसे तेज 5000 रन (गेंदों के हिसाब से)
फिन एलन (न्यूजीलैंड): 2854 गेंद
अभिषेक शर्मा (भारत): 2898 गेंद
आंद्रे रसेल (वेस्टइंडीज): 2942 गेंद
टिम डेविड (ऑस्ट्रेलिया): 3127 गेंद
विल जैक्स (इंग्लैंड): 3196 गेंद
फिन एलन ने पूरे किए 100 छक्के, टी20 में रचा एक और कीर्तिमान
इस मुकाबले में फिन एलन ने अपने 100 टी20 इंटरनेशनल छक्के भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने सिर्फ 871 गेंदों में ही यह मुकाम हासिल किया। इस मामले में वह सबसे तेज ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के एविन लुईस टॉप पर हैं जिन्होंने 789 गेंद और ऑस्ट्रिया के करनबीर सिंह ने 813 गेंद पर 100 टी20 इंटरनेशनल सिक्स पूरे किए थे।
न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी जीत, टूर्नामेंट में बढ़ाया दबदबा
इस मुकाबले में फिन एलन और टिम सीफर्ट की तूफानी पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने 174 रन का लक्ष्य बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया और 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। दोनों के बीच हुई यह साझेदारी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इससे पहले कीवी टीम ने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को मात दी थी, और अब लगातार दूसरी जीत के साथ वह ग्रुप डी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।

