नई दिल्ली : ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप का 20वां मुकाबला आज कनाडा (CAN) और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 3 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 बजे होगा। दोनों टीमें ग्रुप-डी का हिस्सा हैं, जिसमें अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड भी शामिल हैं। अफगानिस्तान अपने दोनों मैच हार चुका है, जबकि बाकी दो टीमों ने 2-2 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 स्थान हासिल किया हुआ है। ऐसे में आज का मुकाबला कनाडा और यूएई दोनों के लिए करो या मरो की स्थिति वाला साबित हो सकता है।
कनाडा और यूएई के बीच टी20 क्रिकेट में अब तक केवल एक ही मुकाबला खेला गया है। यह मैच 2019 में अबू धाबी में हुआ था, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने 154 रन बनाए थे। जवाब में कनाडा की टीम 140 रन ही बना सकी थी और मुकाबला हार गई थी। 2024 के बाद से युवराज समरा कनाडा के लिए सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 454 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का रहा है, जिससे वे टीम के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं गेंदबाजी में कलीम सना ने 36 विकेट लेकर खुद को कनाडा का प्रमुख गेंदबाज साबित किया है।
2024 के बाद से कप्तान मुहम्मद वसीम यूएई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उनके नाम 1325 रन दर्ज हैं, जो उन्हें टीम का सबसे भरोसेमंद टॉप स्कोरर बनाता है। वहीं गेंदबाजी में जुनैद सिद्दीकी ने 32 मैचों में 45 विकेट लेकर खुद को टीम का प्रमुख गेंदबाज साबित किया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां खेले गए पिछले दो मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 150 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था। एक मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली, जबकि दूसरे मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी।
दिल्ली में शुक्रवार को बारिश की संभावना बेहद कम है। मौसम विभाग के अनुसार केवल लगभग 10% इलाकों में हल्की बारिश की आशंका है, लेकिन फरवरी के महीने में आमतौर पर यहां बारिश नहीं होती। पिछले 15 दिनों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला है। ऐसे में कनाडा और यूएई के मुकाबले में बारिश के कारण किसी तरह की बाधा आने की संभावना काफी कम नजर आ रही है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
कनाडा: युवराज समरा, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), हर्ष ठाकेर, रविंदरपाल सिंह, श्रेयस मोव्वा, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, कलीम सना, दिलोन हेलिगर।
UAE: मुहम्मद वसीम, मयंक कुमार, आलीशान शराफू,अर्यांश शर्मा, मुहम्मद जोहैब, ध्रुव पाराशर, मुहम्मद फारूक, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, मुहम्मद अरफान, मुहम्मद जवादुल्लाह।

