T20 World Cup 2026 Points Table: भारत शीर्ष स्थान पर पहुंचा, यूएसए से भी पीछे फिसली पाकिस्तान टीम

0

नई दिल्ली : टी20 विश्व कप में एक बार फिर टीम इंडिया ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को करारी शिकस्त दी है। इस मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन लगभग एकतरफा रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए, जबकि पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18 ओवर में मात्र 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ टी20 विश्व कप की अंक तालिका में भारत ने फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया है। खास बात यह रही कि पाकिस्तानी टीम अब पॉइंट्स टेबल में यूएसए से भी नीचे खिसक गई है।

भारत ने पाकिस्तान को टी20 विश्व कप के मुकाबले में हराकर दो और अंक हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही अब भारत के 6 अंक हो गए हैं। साथ ही टीम ने सुपर 8 में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत ने इस साल के टी20 विश्व कप में पहले यूएसए को मात दी, इसके बाद दूसरे मैच में नामीबिया को हराया और इस जीत के सिलसिले को जारी रखते हुए तीसरे मैच में अब पाकिस्तान को भी पीट दिया है।

इस मैच से पहले उम्मीद की जा रही थी कि पाकिस्तानी टीम कड़ी टक्कर देगी, लेकिन इसके उलट हुआ। मैच नहीं ये मिसमैच था और भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया। दूसरी पारी में तो पहली बॉल से लेकर आखिर तक कभी लगा ही नहीं कि पाकिस्तानी टीम इस मैच को जीत पाएगी। पहले ओवर से विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो 18वें ओवर तक जारी रहा। इस बीच अंक तालिका में पाकिस्तानी टीम को गहरा झटका लगा है।

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप-A की अंक तालिका में टीम इंडिया पहले स्थान पर बनी हुई है, जबकि यूएसए की टीम दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। यूएसए और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अंक समान हैं, लेकिन भारत के खिलाफ बड़ी हार के चलते पाकिस्तान का नेट रन रेट काफी खराब हो गया है। तीन जीत दर्ज करने के बाद भारत का नेट रन रेट 3.050 तक पहुंच चुका है, वहीं यूएसए का नेट रन रेट 0.788 है। दूसरी ओर पाकिस्तान का नेट रन रेट माइनस में गिरकर -0.403 हो गया है। ऐसे में अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या पाकिस्तानी टीम यहां से सुपर-8 में अपनी जगह बना पाएगी या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here