नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, जिसके बाद पाकिस्तान के कप्तान Salman Agha ने हार का ठीकरा स्पिनरों पर फोड़ दिया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों से कराए, जबकि तेज गेंदबाज Shaheen Afridi ने सिर्फ 2 ओवर डाले और 31 रन लुटाए। शाहीन के पहले ओवर में 15 रन बने और पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने 16 रन खर्च कर दिए, जिससे भारत का स्कोर 170 के आसपास रुकने के बजाय 175 तक पहुंच गया।
स्पिनरों के प्रदर्शन की बात करें तो सलमान आगा ने 2 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट लिया। सैम अयूब ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। अबरार अहमद ने 3 ओवर में 38 रन खर्च किए, जबकि शादाब खान ने 1 ओवर में 17 रन दिए। मोहम्मद नवाज ने 4 ओवर में 28 रन दिए और उस्मान तारिक ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। बावजूद इसके, मैच के बाद कप्तान ने हार की बड़ी वजह स्पिन विभाग को बताया।
स्पिन विभाग रहा फीका, कप्तान ने मानी बड़ी चूक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सलमान आगा ने मैच के बाद कहा, ‘हमारे स्पिनर्स का दिन खराब रहा। कुछ मौकों को भुनाने की कमी रह गई। हमें अपने स्पिनर्स पर भरोसा है। उन्होंने पिछले छह महीनों में अच्छा किया है। हमने बल्लेबाजी के दौरान पावरप्ले में बहुत विकेट गंवाए। पहली पारी में बॉल भी ग्रिप कर रही थी। बॉल के साथ मौका नहीं भुना पाए। पिच ने दूसरी पारी में पहली पारी के मुकाबले बेहतर खेला।’
सलमान आगा की निगाहें अब सुपर-8 में क्वालिफाई करने पर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के कप्तान Salman Agha ने मैच के बाद कहा, “इस तरह के मुकाबलों में भावनाएं हमेशा हावी रहती हैं और उनसे निपटना पड़ता है। हमने ऐसे कई मैच खेले हैं। दो दिन में अगला मुकाबला है, उसका इंतजार है। हमें वह मैच जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालिफाई करना है, क्योंकि उसके बाद टूर्नामेंट बिल्कुल नए सिरे से शुरू होगा।” पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। फिलहाल ग्रुप ए में पाकिस्तान टीम अमेरिका से भी नीचे खिसक गई है। दोनों टीमों के 4-4 अंक हैं, जिससे आगे की राह काफी चुनौतीपूर्ण हो गई है।


