नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 29वां मुकाबला इंग्लैंड और इटली के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। इंग्लैंड की टीम का उद्देश्य पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर बड़ा टोटल खड़ा करना है। दोनों टीमों की प्लेइंग XI में इस मुकाबले के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ENG vs ITA: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
इंग्लैंड: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद
इटली: जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, जेजे स्मट्स, हैरी मैनेंटी (कप्तान), बेन मैनेंटी, मार्कस कैम्पोपियानो, ग्रांट स्टीवर्ट, जियान मीड (विकेट कीपर), जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे, अली हसन
इंग्लैंड की टीम इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। नेपाल के खिलाफ 4 रन की रोमांचक जीत के बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। हालांकि, स्कॉटलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर-8 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। अब उनकी टीम इस मैच को जीतकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी और टूर्नामेंट में मजबूती से आगे बढ़ना चाहेगी।
दूसरी ओर, हैरी मैनेंटी की कप्तानी में इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। स्कॉटलैंड के खिलाफ पिछली हार को पीछे छोड़ते हुए, इटली की टीम सुपर-8 में अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए इस मैच में एक और ऐतिहासिक जीत की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के पास सुपर-8 में जगह बनाने का मौका है, इसलिए यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक और दिलचस्प होने की उम्मीद है।


