एशियन चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों ने संचालक अंशुमान यादव से की सौजन्य भेंट

0

नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स, भोपाल। नई दिल्ली में आयोजित Asian Championship Rifle / Pistol में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले युवा निशानेबाज़ों ने सोमवार को TT Nagar Stadium में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक Anshuman Yadav से सौजन्य भेंट की।इस अवसर पर पदक विजेता खिलाड़ियों सूरज शर्मा (5 स्वर्ण, 1 रजत), साहिल चौधरी (2 स्वर्ण), यश पांडेय (स्वर्ण), आशी चौकसे (रजत) एवं हेमंत बर्मन (रजत) ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का विवरण साझा किया और आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

संचालक अंशुमान यादव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कम आयु में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता मध्यप्रदेश की मजबूत खेल नीति, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभाग खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय संसाधन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, ताकि वे ओलंपिक और अन्य वैश्विक प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जूनियर वर्ग में मिली ये उपलब्धियां भारत के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत हैं। जूनियर पुरुष वर्ग की रैपिड फायर पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल और स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धाओं में सूरज शर्मा ने कुल 6 पदक (5 स्वर्ण, 1 रजत) जीतकर प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।

रैपिड फायर पिस्टल में व्यक्तिगत रजत और टीम स्वर्ण, स्टैंडर्ड पिस्टल में व्यक्तिगत व टीम स्वर्ण तथा स्पोर्ट्स पिस्टल में व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण पदक उनके नाम रहे। जूनियर पुरुष वर्ग में साहिल चौधरी ने रैपिड फायर पिस्टल और स्टैंडर्ड पिस्टल की टीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण पदक अर्जित किए और भारत की पदक सफलता में अहम भूमिका निभाई। राइफल स्पर्धाओं में भी अकादमी के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यश पांडेय ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि आशी चौकसे ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन सीनियर महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। वहीं हेमंत बर्मन ने 50 मीटर राइफल प्रोन पोजिशन जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अकादमी की पदक तालिका को और मजबूत किया। इन सामूहिक प्रयासों के दम पर अकादमी ने राइफल स्पर्धाओं में 3 स्वर्ण और 3 रजत सहित कुल 6 पदक अर्जित कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here