नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स, भोपाल। भोपाल के अनुभवी क्रिकेट कोच संजय पाण्डेय की मार्गदर्शक भूमिका में छत्तीसगढ़ अंडर-23 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Colonel C. K. Nayudu Trophy के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अंतिम आठ में छत्तीसगढ़ का मुकाबला राजस्थान से होगा। ग्रुप-डी में छत्तीसगढ़ टीम ने अपने 6 में से 5 मुकाबले आउट-राइट जीतकर दमदार अंदाज़ में नॉक-आउट चरण में प्रवेश किया। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ टीम ने करीब 10 वर्षों के बाद इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट के नॉक-आउट चरण में जगह बनाई है। संजय पाण्डेय इस सत्र में पहली बार छत्तीसगढ़ अंडर-23 टीम के कोच नियुक्त किए गए थे और उनके नेतृत्व में टीम ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ तक सफल कोचिंग सफर
संजय पाण्डेय का कोचिंग रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। इससे पहले उनकी कोचिंग में मध्यप्रदेश अंडर-19 टीम Cooch Behar Trophy के फाइनल तक पहुंची थी, वहीं मध्यप्रदेश अंडर-23 टीम भी कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी का फाइनल खेल चुकी है। पिछले वर्ष एमपीएल सिंधिया कप में भोपाल लेपर्ड्स ने खिताब जीता था और उस खिताबी टीम के कोच भी संजय पाण्डेय ही थे। घरेलू क्रिकेट में उनकी रणनीतिक समझ और खिलाड़ियों के साथ संवाद को हमेशा सराहा गया है।
खिलाड़ी से कोच तक प्रेरक यात्रा
संजय पाण्डेय स्वयं मध्यप्रदेश की ओर से तेज़ गेंदबाज़ के रूप में लगभग 15 वर्षों तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं। वे जूनियर इंडिया टीम के सदस्य भी रह चुके हैं। मैदान पर उनके अनुभव और तकनीकी समझ का लाभ अब युवा खिलाड़ियों को कोचिंग के माध्यम से मिल रहा है। छत्तीसगढ़ टीम का क्वार्टर फाइनल में पहुंचना न केवल कोच संजय पाण्डेय की रणनीतिक क्षमता का प्रमाण है, बल्कि यह दिखाता है कि सही मार्गदर्शन से युवा टीमें बड़े मंच पर भी प्रभाव छोड़ सकती हैं।


