मैदान पर अफरा-तफरी: मधुमक्खियों के हमले से अंपायर की गई जान, कई खिलाड़ी भी घायल

0

नई दिल्ली : क्रिकेट मैचों के दौरान कई बार ऐसा देखा गया है कि खिलाड़ी और अंपायर अचानक मैदान पर लेट जाते हैं, जिसकी बाकायदा ट्रेनिंग भी दी जाती है ताकि किसी आकस्मिक खतरे से बचा जा सके। लेकिन उत्तर प्रदेश के उन्नाव से गुरुवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई। अंडर-13 घरेलू क्रिकेट लीग के एक मुकाबले के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने मैदान पर हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में मैच में अंपायरिंग कर रहे 65 वर्षीय मानिक गुप्ता की जान चली गई, जबकि कई खिलाड़ी भी घायल हो गए। यह हादसा खेल जगत के लिए गहरा आघात लेकर आया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हमले में उनके साथी अंपायर जगदीश शर्मा और कई क्रिकेटर भी बुरी तरह घायल हो गए। घायलों का इलाज कानपुर स्थित हैलेट अस्पताल में जारी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्नाव के शुक्लागंज स्थित सप्रू ग्राउंड में KDMA लीग का एक मैच खेला जा रहा था। इस मैच में मानिक गुप्ता और जगदीश शर्मा अंपायर थे। यह मैच YMCC और पैरामाउंट के बीच था। इसी मैच में अचानक मधुमक्खियों का हमला हुआ। दोनों अंपायर सफेद कपड़ों में थे तो मधुमक्खियों का जत्था 10 मिनट तक दोनों के आसपास रहा। वहीं कई खिलाड़ी भी इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद घायल अंपायर्स और खिलाड़ियों को शुक्लागंज के लाला लाजपत राय हॉस्पिटल और फिर कानपुर के लक्ष्मिपत सिंघानिया इंस्टीट्यूट ले जाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने मानिक गुप्ता को मृत घोषित किया।

अंपायर की मौत पर KCA चेयरमैन का दुखद बयान

मानिक गुप्ता पिछले 30 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायरिंग पैनल का हिस्सा थे और खेल के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके निधन पर केसीए के चेयरमैन संजय कपूर ने गहरा शोक व्यक्त किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “केसीए के सीनियर अंपायर मानिक गुप्ता पूरी तरह खेल के लिए समर्पित रहते थे। केसीए परिवार इस दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उनके परिवार तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here