नई दिल्ली : दो बार की टी20 विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में इटली को 42 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। कप्तान और ओपनर शे होप ने 46 गेंदों में 75 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके अलावा रोस्टन चेज और शेरफन रदरफोर्ड ने भी 24-24 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
इटली की ओर से बेन मैनेंटी और क्रिशन कलुगामागे ने दो-दो विकेट लेकर कुछ हद तक मुकाबले में पकड़ बनाने की कोशिश की। वेस्टइंडीज के स्कोर का पीछा करने उतरी इटली की टीम का आगाज बेहद खराब रहा। टीम ने पावरप्ले में ही 3 विकेट खो दिए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। 78 रन पर ही इटली के 5 विकेट गिर चुके थे। अगले 45 रन के भीतर बाकी के 5 विकेट भी गिर गए। इटली की टीम 18 ओवर में सिर्फ 123 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से शमर जोसेफ ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए।
प्लेइंग इलेवन
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेट कीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेस, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ
इटली (प्लेइंग XI): जस्टिन मोस्का, एंथनी मोस्का, सैयद नकवी, जेजे स्मट्स, हैरी मैनेंटी (कप्तान), बेन मैनेंटी, ग्रांट स्टीवर्ट, जियान मीडे (विकेट कीपर), क्रिशन कलुगामागे, थॉमस ड्रका, अली हसन।


