नई दिल्ली : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 में पहुंचने वाली सभी टीमों का फैसला हो चुका है। वहीं, ग्रुप स्टेज के कुछ मैच अभी खेले जा रहे हैं, जिसमें कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीम आमने-सामने है। इस मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। अब तक दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है और दोनों ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए आगामी दौर से पहले अपनी तैयारियों और फॉर्म को परखने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
श्रीलंका – पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, दसुन शनाका (कप्तान), कामिंडू मेंडिस, दुनिथ वेल्लालगे, दुशान हेमंथा, महेश थीकशाना, दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन।
जिम्बाब्वे – ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजराबानी।
श्रीलंका और जिम्बाब्वे दोनों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन, मुकाबला रोमांचक
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआत से पहले किसी ने यह उम्मीद नहीं जताई थी कि ऑस्ट्रेलियाई टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो जाएगा, लेकिन श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी की धारणा बदल दी। श्रीलंका महिला टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने तीनों मैच जीतकर दम दिखाया, जबकि जिम्बाब्वे ने तीन में से दो मुकाबले जीत लिए और एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। सुपर-8 में प्रवेश से पहले दोनों टीमों की नजरें अपनी तैयारियों को और मजबूत करने पर टिकी हुई हैं। जिम्बाब्वे को अगले दौर में अपने सभी मुकाबले भारत में खेलने हैं, जहां उन्हें सुपर-8 में भारत, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। वहीं, श्रीलंका को सुपर-8 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलना होगा।


