नई दिल्ली। T20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान ने अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया। गुरुवार को खेले गए अपने आख़िरी मुकाबले में अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर टूर्नामेंट को सकारात्मक नोट पर खत्म किया। कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया, लेकिन अफगान बल्लेबाज़ों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी।
इब्राहिम जादरान शतक से चूके
अफगानिस्तान की पारी के हीरो इब्राहिम जादरान रहे, जो टी-20 वर्ल्ड कप में अपने पहले शतक से महज 5 रन दूर रह गए। जादरान ने 56 गेंदों पर नाबाद 95 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे और उन्होंने 169.64 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे। जादरान का अच्छा साथ सेदिकुल्लाह अटल ने निभाया, जिन्होंने 44 रन बनाए और 6 रन से अर्धशतक से चूक गए। रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 30 रन का योगदान दिया। कनाडा की ओर से जसकरन सिंह सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके।
मोहम्मद नबी की घातक गेंदबाज़ी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। अफगान गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने दिलोन हेलिगर (3), हर्ष ठाकेर (30), निकोलस किर्टन (10) और युवराज समरा (17) को पवेलियन भेजा। कप्तान राशिद खान ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।
ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहा अफगानिस्तान
इस वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान की शुरुआत निराशाजनक रही थी। टीम को पहले मैच में न्यूज़ीलैंड से हार का सामना करना पड़ा, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह डबल सुपर ओवर में पराजित हुई। इसके बावजूद अफगानिस्तान ने यूएई और कनाडा को हराकर दो जीत दर्ज कीं और ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट समाप्त किया।

