नई दिल्ली : T20 World Cup 2026 के बाद साउथ अफ्रीका की टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। यह सीरीज 15 से 25 मार्च के बीच खेली जाएगी। Cricket South Africa ने शुक्रवार (20 फरवरी) को 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसकी कमान Keshav Maharaj को सौंपी गई है। टीम में पांच नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जबकि Indian Premier League 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का चयन इस दौरे के लिए नहीं किया गया है।
नए खिलाड़ियों में बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर और जॉर्डन हरमन शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों को घरेलू टी20 टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का फायदा मिला है। ऑलराउंडर ईथन बॉश को भी टीम में जगह मिली है। किशोर फास्ट बॉलर नकोबानी मोकोएना को एसए20 में शानदार प्रदर्न के बाद टीम में चुना गया है। 19 साल के इस खिलाड़ी ने पार्ल रॉयल्स के लिए 10 मैचों में 9.62 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए। वह इस सीजन चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
टी20 वर्ल्ड कप टीम के 3 खिलाड़ी स्क्वाड का हिस्सा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्री कॉनराड ने कहा, “नकोबानी ने एसए20 के दौरान साबित किया कि वह एक प्रतिभाशाली युवा तेज गेंदबाज हैं, जिनमें मैच पर प्रभाव डालने की क्षमता है। यह श्रृंखला उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का उपयुक्त अवसर देगी।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि केशव महाराज टी20 विश्व कप 2026 टीम के उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें इस दौरे के लिए चुना गया है। उनके साथ बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ को भी टीम में स्थान दिया गया है।
गेराल्ड कोएत्जी और टोनी डी जोरजी की टीम में वापसी
इस बीच तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी अक्टूबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ खेलने के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका की टी20 टीम में चुने गए हैं। इसके अलावा बैट्समैन टोनी डी जोरजी की दाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से ठीक होने के बाद चुना गया है। पांच मैचों की सीरीज माउंट माउंगानुई के बे ओवल में शुरू होगी। इसके बाद हैमिल्टन, ऑकलैंड, वेलिंगटन (स्काई स्टेडियम) और क्राइस्टचर्च में मैच खेले जाएंगे।
साउथ अफ्रीका का स्क्वाड
केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन और जेसन स्मिथ।

