नई दिल्ली : इंग्लैंड ने मंगलवार को सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया और टूर्नामेंट की पहली टीम बन गई, जिसने अंतिम चार में जगह बनाई। यह इंग्लिश टीम का लगातार पांचवां टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल है। इस उपलब्धि के साथ उसने पाकिस्तान का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिसके नाम लगातार चार सेमीफाइनल खेलने का कीर्तिमान दर्ज था। इंग्लैंड का यह शानदार सिलसिला 2016 से शुरू हुआ था, जब वह फाइनल तक पहुंचा, हालांकि तब वेस्टइंडीज ने उसे हराकर खिताब जीता था। इसके बाद इंग्लैंड 2021, 2022, 2024 और अब 2026 संस्करण में भी सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा है। खास बात यह है कि 2022 में इंग्लैंड ने फाइनल जीतकर दूसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की थी।
टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा सेमीफाइनल खेलनी वाली टीम
- इंग्लैंड:5 (2016, 2021, 2022, 2024, 2026)
- पाकिस्तान:4 (2007, 2009, 2010, 2012)
- श्रीलंका:4 (2009, 2010, 2012, 2014)
इंग्लैंड का लाजवाब प्रदर्शन, सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री
इंग्लैंड की टीम ने सुपर 8 के अपने दोनों मुकाबले जीतते हुए सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। इंग्लैंड का सफर इस वर्ल्ड कप में जब शुरू हुआ था तो प्रभावित करने वाला प्रदर्शन टीम नहीं कर रही थी। नेपाल के खिलाफ टीम जैसे-तैसे जीती, फिर वेस्टइंडीज ने हरा दिया। उसके बाद हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इस टीम ने वापसी करते हुए सभी मैच जीते और अब सबसे पहले सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई।
इंग्लैंड ने सुपर-8 चरण की शुरुआत श्रीलंका पर जीत के साथ की थी। इसके बाद पाकिस्तान को हराकर ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में कप्तान हैरी ब्रूक ने 51 गेंदों पर शानदार 100 रन बनाते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई। अब इंग्लैंड इस चरण का अपना अंतिम मैच 27 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।

