नई दिल्ली : भारत क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 72 रन से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत के खाते में 2 अंक जुड़ गए हैं। अब टीम इंडिया अपना अगला मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगी।
जिम्बाब्वे के लिए केवल सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की अच्छी पारी खेल पाए। वे पारी का आगाज करने आए थे और आखिर तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 59 बॉल पर शानदार 97 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आठ चौके और छह छक्के लगाए। हालांकि वे अपना शतक पूरा करने से चूक गए। सिकंदर रजा ने 21 बॉल पर 31 रन की पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने एक एक विकेट हासिल किया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को कोई विकेट नहीं मिला।
भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 30 बॉल का सामना किया। उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के आए। ईशान किशन ने 24 बॉल पर 38 और संजू सैमसन ने 15 बॉल पर 24 रन ठोक दिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 13 बॉल पर 33 रन बनाए। आखिरी में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आक्रामक की बल्लेबाजी की। हार्दिक ने केवल 23 बॉल पर 50 रन ठोक दिए। इसमें दो चौके और चार छक्के शामिल रहे। तिलक ने 16 बॉल पर 44 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और चार छक्के आए।
भारत का स्क्वॉड: ईशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, संजू सैमसन
जिम्बाब्वे का स्क्वॉड: तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन करन, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा।

