MCA की पहल: रवि शास्त्री के नाम स्टैंड, तीन एंट्री गेट्स भी होंगे महान खिलाड़ियों के नाम

0

नई दिल्ली : मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अब जब भी क्रिकेट फैंस वानखेड़े में प्रवेश करेंगे, उन्हें भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की विरासत और भी करीब से महसूस होगी। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने 27 फरवरी को हुई एपेक्स काउंसिल की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए स्टेडियम के प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित लेवल-1 स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और कोच रवि शास्त्री के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। यह कदम भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है।

MCA प्रेसीडेंट अजिंक्य नाइक ने बयान जारी कर कहा की मुंबई क्रिकेट हमारे दिग्गजों द्वारा रखी गई मजबूत नींव पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन लोगों का सम्मान करें, जिन्होंने शहर और देश का नाम रोशन किया है। प्रेस बॉक्स के नीचे लेवल 1 स्टैंड का नाम रवि शास्त्री के नाम पर रखने का प्रस्ताव एक खिलाड़ी, लीडर और कोच के तौर पर उनके बहुत बड़े योगदान को सम्मान देना है।

रवि शास्त्री ने मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारत के लिए 80 टेस्ट और 150 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। एक हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाईं। बाद में 2017 से 2021 तक वे भारतीय टीम के हेड कोच रहे। उनके कार्यकाल में भारत ने 2019 वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। शास्त्री की कोचिंग में ही टीम इंडिया ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा और 2020-21 में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दोहराई, जो भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम अध्यायों में गिनी जाती है।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने रवि शास्त्री के अलावा स्टेडियम के तीन प्रवेश द्वार भी दिग्गज खिलाड़ियों के नाम समर्पित करने का फैसला किया है। इन गेट्स का नामकरण दिलीप सरदेसाई, एकनाथ सोलकर और डायना एडुल्जी के नाम पर किया जाएगा। दिलीप सरदेसाई ने 1971 के वेस्टइंडीज दौरे पर 642 रन बनाकर भारत की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। एकनाथ सोलकर शॉर्ट लेग पर अपनी बेहतरीन कैचिंग के लिए मशहूर थे और उन्होंने कई मैचों में भारत को यादगार सफलताएं दिलाईं। वहीं डायना एडुल्जी भारतीय महिला क्रिकेट की अग्रणी हस्तियों में रही हैं और उन्होंने 22 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय महिला टीम की कप्तानी की। MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम के गेट इन दिग्गजों को समर्पित करने का उद्देश्य मुंबई और भारतीय क्रिकेट की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here