नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड में भारत और वेस्टइंडीज के बीच आखिरी मुकाबला खेला जाएगा, जो एक तरह से नॉकआउट मैच साबित होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। दोनों टीमों ने सुपर 8 में जिम्बाब्वे को हराकर एक-एक जीत दर्ज की है, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की टीम अपना पिछला मैच हारकर इस मुकाबले में उतर रही है, जबकि भारत ने साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को हराया और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगा। इस मुकाबले के बाद दो दिन का ब्रेक रहेगा, जिसके बाद 4 और 5 मार्च को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। ग्रुप 2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जिससे अब सबकी नजरें इस अहम भिड़ंत पर टिकी हैं।

