नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर पिछले कुछ दिनों से लगातार यह दावा कर रहे थे कि भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगा। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद उनका यह बयान पूरी तरह गलत साबित हो गया। इसके बाद आमिर ने नया विवाद खड़ा करते हुए शिमरोन हेटमायर के विकेट पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि हेटमायर आउट नहीं थे और फैसले पर दोबारा नजर डालनी चाहिए थी, जिससे सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है।
दरअसल यह तो मोहम्मद आमिर की वही बात हो गई कि जब कुछ समझ नहीं आए तो कुछ भी बोल दो। क्योंकि शिमरोन हेटमायर को आउट थर्ड अंपायर ने दिया था। रिप्ले और अल्ट्रा एज में साफ दिख रहा था कि गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर विकेटकीपर के पास गई है। अब संजू सैमसन की पारी और भारत की जीत के बाद आमिर के पास कुछ बोलने को नहीं बचा तो उन्होंने बेफिजूल का मुद्दा उठा लिया।
हेटमायर के विकेट पर आमिर ने क्या कहा?
मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी गलत साबित होने के बाद ऐसा लगा मानो वह नई दलील तलाश रहे हों। इसी बीच उन्होंने शिमरोन हेटमायर के विकेट को मुद्दा बना दिया। आमिर ने कहा, “मुझे नहीं लगता हेटमायर आउट थे। वह एक कंट्रोवर्शियल डिसीजन था। अगर वह टिक जाते और वेस्टइंडीज 220-230 रन बना देता तो इंडिया बाहर हो जाता।” हालांकि उनका यह बयान काफी हद तक कयासों पर आधारित नजर आता है। क्योंकि क्रिकेट में ‘अगर- मगर’ की कोई सीमा नहीं होती—मैच में जो हुआ, वही अंतिम सच्चाई मानी जाती है।
हेटमायर के विकेट पर क्यों मचा बवाल? जानिए पूरा विवाद
वेस्टइंडीज की पारी के 12वें ओवर में जब हेटमायर 11 गेंद पर 27 रन ठोक चुके थे, उस वक्त जसप्रीत बुमराह की एक गेंद हेटमायर के बल्ले के पास से गुजरी और अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज को इस पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने डीआरएस लिया और उसमें भी अल्ट्रा एज में स्पाइक साफ था। इसके बाद रिव्यू खराब हुआ और हेटमायर को वापस पवेलियन लौटना पड़ा। इस विकेट से वह नाखुश दिखे।
हालांकि रिप्ले देखने पर कुछ लोगों को गेंद और बल्ले के बीच हल्का सा गैप नजर आया, जिससे फैसला विवादित लगने लगा। लेकिन थर्ड अंपायर का मानना था कि बल्ले का बेहद महीन किनारा लगा था, जिसे अल्ट्रा एज तकनीक में स्पाइक के रूप में दर्ज किया गया। इसी आधार पर हेटमायर को आउट करार दिया गया। खास बात यह रही कि वेस्टइंडीज टीम की ओर से इस फैसले पर कोई आधिकारिक आपत्ति नहीं जताई गई। इसके बावजूद मोहम्मद आमिर ने इस मुद्दे को उठाते हुए बयान दिया, जिससे एक नई बहस जरूर छिड़ गई, खासकर तब जब भारत सेमीफाइनल में पहुंच चुका है।

