25.2 C
New Delhi
Friday, March 13, 2026

IPL 2026: चिन्नास्वामी में RCB के पांच घरेलू मैच, दो मुकाबले रायपुर में होंगे

बेंगलुरु। IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने कुल सात घरेलू मुकाबलों में से पांच मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि शेष दो घरेलू मुकाबले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। RCB ने पुष्टि की है कि पूर्व निर्धारित समझौते के तहत ये दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे।

यह फैसला सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और RCB के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। ESPNcricinfo के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बीसीसीआई को भी दे दी गई है और IPL के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा जल्द होने की संभावना है। माना जा रहा है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम 28 मार्च को सीजन के पहले मुकाबले की मेजबानी कर सकता है।

RCB ने अपनी मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि यह प्रगति कई महीनों की मेहनत और विभिन्न एजेंसियों के आपसी समन्वय का नतीजा है, जिसका उद्देश्य प्रशंसकों को घरेलू मैदान पर मैचों का अनुभव देना था। गौरतलब है कि जनवरी में RCB के CEO राजेश मेनन ने छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की थी। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर संबंधी रियायतों सहित पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया था।

KSCA फिलहाल कर्नाटक सरकार द्वारा तय 17 सूत्री बुनियादी ढांचा सुधार कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसमें प्रवेश-निकास मार्गों का विस्तार, एंबुलेंस के लिए सुगम रास्ते और भीड़ प्रबंधन जैसे अहम बिंदु शामिल हैं। फिलहाल दर्शक क्षमता कम करने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। IPL 2026 की शुरुआत अब 26 मार्च के बजाय 28 मार्च से होने की संभावना है। चुनावी कार्यक्रमों के कारण टूर्नामेंट दो दिन आगे बढ़ाया गया है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles