नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम और न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। यह अहम मैच ईडन गार्डन्स, कोलकाता में आयोजित होगा, जिसके लिए दोनों टीमें जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं।
इस वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में भी दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जहां साउथ अफ्रीका ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की थी। अगर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें, तो साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं और पांचों मैचों में साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल की है, जिससे नॉकआउट मुकाबले से पहले उसका पलड़ा भारी नजर आता है।
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आपस में 19 मैच खेले हैं। इस दौरान साउथ अफ्रीका ने 12 मकाबलों में जीत दर्ज की है वहीं न्यूजीलैंड को सिर्फ 7 बार जीत नसीब हुई। साउथ अफ्रीका मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं हारा है। उसने लगातार सात मुकाबले जीते हैं। हालांकि न्यूजीलैंड टीम के पास भारत में खेलने का अनुभव है और कीवी टीम सेमीफाइनल में इसका फायदा उठाना चाहेगी। न्यूजीलैंड की टीम इस साल की शुरुआत से भारत में है। कीवी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज और फिर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली थी।
आपको बता दें कि न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका की टीमें पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के किसी नॉकआउट मैच में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने अब तक आईसीसी टूर्नामेंट में कुल तीन नॉकआउट मैच खेले हैं। इन तीन मैचों में साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। साउथ अफ्रीका कभी भी न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी नॉकआउट मुकाबला नहीं जीत पाया है। इस मैच को जीतकर साउथ अफ्रीका की टीम रिकॉर्ड को बदलना चाहेगी।
न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच पहला आईसीसी नॉकआउट मुकाबला 2011 वनडे वर्ल्ड कप में खेला गया था। यह मैच क्वार्टर फाइनल था, जो ढाका में आयोजित हुआ, जहां न्यूज़ीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 49 रनों से हराया।
इसके बाद दोनों टीमों की टक्कर 2015 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हुई। ऑकलैंड में खेले गए बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 4 विकेट से मात दी।
तीसरी बार दोनों टीमें 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबले में आमने-सामने आईं, जहां एक बार फिर न्यूज़ीलैंड का दबदबा देखने को मिला और उसने साउथ अफ्रीका को 50 रनों से रौंद दिया।

