नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ के एक जाने-माने सदस्य ने जहां भी टीम का मैच हुआ, वहां भगवान का आशीर्वाद लेना नहीं छोड़ा। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भी तीसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने के लिए किसी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहता। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने चंद्र ग्रहण के “बुरे असर” से बचने के लिए मुंबई में अपना अभ्यास सत्र करीब 45 मिनट देरी से शुरू किया।
अहमदाबाद में बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले भारतीय टीम होटल बदल दिया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले बदलाव के बारे में कोई भी खुलकर नहीं बात करेगा, लेकिन अहमदाबाद में पहले वाले होटल में रुकने के दौरान भारतीय टीम दो बड़े मैच (2023 वनडे वर्ल्ड फाइनल और टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8) हारी है। शायद यह भी इसका कारण हो सकता है।
लाल मिट्टी की पिच पर खेला जा सकता है फाइनल
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो हफ्ते पहले काली मिट्टी की पिच पर हारने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट फाइनल के लिए लाल मिट्टी वाली पिच चुन सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाल, काली और दोनों कि मिक्स पिच भी है। वानखेड़े में लाल मिट्टी की पिच पर भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके ध्यान में रखते हुए लाल मिट्टी की पिच चुनी जा सकती है। हालांकि, अभी पिच तय नहीं है, क्योंकि बॉडकास्टर ने अभी तक स्टंप कैमरा नहीं लगाया है। एक पिच का स्थानीय क्यूरेटर और बीसीसीआई के सीईओ हेमंग आमिन ने रेकी की है। केवल यही पिच ढकी थी।
रिकी मार्टिन का संगीत कार्यक्रम
‘डांडिया क्वीन’ फाल्गुनी पाठक और बॉलीवुड प्लेबैक गायक सुखविंदर सिंह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 100,000 दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईसीसी ने टॉस से पहले संगीत कार्यक्रम की योजना बनाई है और दर्शकों को मार्टिन के मशहूर गाने ”अन दो त्रेस’ (एक दो तीन) मारिया’ पर थिरकने का मौका मिल सकता है।
फाइनल के लिए रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए अहमदाबाद जाने वाले प्रशंसकों की भारी भीड़ को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। मैच के दिन मुंबई से अहमदाबाद के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे फैंस को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी। इससे प्रशंसकों के लिए सफर न सिर्फ आसान होगा बल्कि सस्ता भी पड़ेगा, क्योंकि अहमदाबाद के लिए हवाई किराया पहले से ही काफी महंगा हो चुका है।

