भारत बना टी20 विश्व चैंपियन, विराट कोहली बोले, ‘इस विस्फोटक क्रिकेट का कोई जोड़ नहीं’

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया बतौर मेजबान और डिफेंडिंग चैंपियन टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। इस ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह का विस्फोटक और निडर क्रिकेट देखने का अलग ही मज़ा है और इस टीम के खेल का सच में कोई मुकाबला नहीं है।

विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, ‘चैंपियंस! अहमदाबाद में टीम इंडिया की जबरदस्त जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमने जो विस्फोटक क्रिकेट खेला, उसका कोई मुकाबला नहीं। मुश्किल हालात में भी टीम ने लगातार लड़ाई जारी रखी और एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए शानदार प्रदर्शन किया। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट के सदस्यों को दिल से बधाई। जय हिंद।’

रोहित-विराट युग के बाद भारत का पहला आईसीसी खिताब

भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब इसलिए भी खास है क्योंकि रोहित शर्मा-विराट कोहली के दौर के बाद यह पहला आईसीसी टूर्नामेंट था। 2007 के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि रोहित या विराट में से कोई खिलाड़ी किसी आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम में नहीं था। रोहित-विराट के रहते भारतीय टीम ने 5 आईसीसी खिताब जीते हैं। वह वनडे क्रिकेट में अभी भी खेल रहे हैं और 2027 वर्ल्ड कप खेलने की पूरी उम्मीद है।

2024 में चैंपियन बनने के बाद रोहित-विराट ने लिया था संन्यास

रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने 2024 में बारबडोस में भारत के दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद 2025 में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी। वहीं रोहित शर्मा को 2025 टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। भारतीय टीम ने इससे पहले 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था, जबकि 2026 में तीसरी बार यह खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here