– एनएसटी 6वीं मीडिया खेल कार्निवाल 2026: एनडी मीडिया की एनएसटी पर आठ रन से रोमांचक जीत
Nst news,भोपाल। ओल्ड कैंपियन मैदान पर आयोजित नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) 6वीं मीडिया खेल कार्निवाल 2026 के लीग मुकाबले में डिजियाना-11 ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए जनसंपर्क टीम को 10 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अन्य मुकाबले में एनडी मीडिया टीम ने एनएसटी को आठ रन से हराया।

पहले मुकाबले में टास हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जनसंपर्क टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। अखिल परस्ते ने 32 रन की पारी खेली, जबकि सबु ने 19 और मयंक ने 20 रन का योगदान दिया। राहुल सिंह पाल ने 16 रन बनाए। कप्तान अनुराग उइके 15 रन बनाकर नाबाद रहे। डिजियाना-11 से कप्तान राजा अहिरवार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके और जनसंपर्क की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। इसके अलावा श्रीकांत उपासे और हिमांशु धारिवाल को 1-1 विकेट मिला। जवाब में उतरी डिजियाना-11 ने 11.2 ओवर में ही बिना कोई विकेट खोए मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। ओपनर अजय यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 91 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी में 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। रविंद्र सिंह ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 24 गेंदों में 33 रन बनाकर नाबाद रहे। राजा अहिरवार को दोहरे प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे मुकाबले में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एनडी मीडिया की टीम 15.2 ओवर में 124 रन बनाकर आलआउट हो गई। पीयूष मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल रहा। केके गंगवार ने 18 जबकि विकेटकीपर मुकेश विश्वकर्मा ने 7 गेंदों में तेज 14 रन का योगदान दिया।
एनएसटी की ओर से अजय मौर्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.2 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। इसके अलावा राघवेंद्र सिंह ने 2, जबकि सचिन मदनानी, मनोरंजन कुमार और नीरज मिलन को 1-1 विकेट मिला। जवाब में एनएसटी की टीम निर्धारित 18 ओवर के मुकाबले में 8 विकेट पर 117 रन ही बना सकी। कप्तान मोहन द्विवेदी ने 38 रन बनाए। कमल बच्चानी ने 18 और नीरज मिलन ने 12 रन का योगदान दिया। अंत में सचिन मदनानी ने 18 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान ललित कटारिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए और मैच पलट दिया। पुल्कित मुंशी ने 2, विवेक साध्य, विनय वंशकार और केके गंगवार ने 1-1 विकेट लिए। अजय मौर्य और पीयूष मिश्रा को संयुक्त रूप से मैन आफ द मैच घोषित किया गया। खिलाड़ियों को मैन आफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र सिंह, भूपेश गुप्ता असिस्टेंट कमिश्नर ग्रामीण विकास निगम और अनुराग उइके असिस्टेंट डायरेक्टर जनसंपर्क ने प्रदान किए।
टेनिस क्रिकेट में ओल्ड कैंपियन ए टीम 19 रन से जीती
इससे पहले टेनिस क्रिकेट के लीग मुकाबले में ओल्ड कैंपियन ए टीम ने एक्स क्रिकेटर टीम को 19 रन से हरा दिया। इस 8 ओवर के मैच में ओल्ड कैंपियन ए टीम ने 2 विकेट पर 141 रन का विशाल स्कोर बनाया। कुशल दंडवानी ने 59 और वेदप्रकाश शर्मा ने 38 रन की तूफानी पारी खेली। जवाब में एक्स क्रिकेटर टीम 8 ओवर में 3 विकेट पर 122 रन ही बना सकी। वीरेंद्र भालवी ने 55 बनाए। ओल्ड कैंपियन ए टीम से कुशल दंडवानी, अतुल खरे और रोमी को 1-1 विकेट मिला।

