– जनसंपर्क ने पत्रिका को आठ विकेट से हराया, दैनिक भास्कर ने एनएसटी को दो विकेट से दी मात
एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओल्ड कैंपियन मैदान पर नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) द्वारा आयोजित छठवें मीडिया खेल कार्निवाल 2026 के अंतिम लीग मुकाबले में गुरुवार को दैनिक भास्कर ने नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स (एनएसटी) को दो विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दिन के अन्य मुकाबले में जनसंपर्क टीम ने पत्रिका को आठ विकेट से एकतरफा हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। जबकि एनडी मीडिया और डिजियाना-11 की टीमों ने भी अंतिम चार में जगह बना ली है। क्रिकेट के लीग मुकाबलों के बाद शुक्रवार को सुबह नौ बजे से रस्साकशी, कबड्डी और एथलेटिक्स के मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद सुबह दस बजे से क्रिकेट का पहला सेमीफाइनल एनडी मीडिया और डिजियाना की टीमों के बीच शुरू होगा।

गुरुवार को खेले गए क्रिकेट के पहले लीग मुकाबले में एनएसटी ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 143 रन बनाए। पंकज अहलावत ने 21, मनीष ने 16, दिगंबर पांडे और रामू भार्गव ने 15-15 रन बनाए। नीरज मिलन ने 13, इंद्रजीत और सचिन मदनानी ने 12-12 रन का योगदान दिया। भास्कर से निखिल शुक्ला और विक्रम अहीरवार ने दो-दो विकेट लिए। सतेंद्र पंडित, अतुल खरे, गौरव, कृष्णा पांडे और प्रवेश जैन को एक-एक सफलता मिली। जवाब में दैनिक भास्कर ने 17.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विकेटकीपर प्रभात शुक्ला ने 31 गेंदों में 42 रन (सात चौके) की अहम पारी खेली। विक्रम अहिरवार और नरेंद्र राजपूत ने 27-27 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अतुल खरे ने 13 रन जोड़े। एनएसटी की ओर से गेंदबाजी में पंकज अहलावत ने दो विकेट लिए। इंद्रजीत, मनीष, अजय मौर्य, नीरज मिलन और रामू भार्गव को एक-एक सफलता मिली।

दूसरे लीग कम क्वार्टरफाइनल मुकाबले में पत्रिका टीम टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट पर 99 रन ही बना सकी। हिमांशु ने सर्वाधिक 42 रन की नाबाद पारी खेली। रजत शर्मा ने 24, शेख कमर ने 11 रन जोड़े। जनसंपर्क से कप्तान अनुराग उइके ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। सत्यम मालवीय और राहुल सिंह पाल ने दो-दो विकेट झटके। यश रघुवंशी और अभिषेक पाल को एक-एक सफलता मिली।जवाब में जनसंपर्क ने सिर्फ नौ ओवर में दो विकेट खोकर 102 रन बना लिए। कप्तान अनुराग उइके ने 44 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। अजय ने 28, सत्यम मालवीय ने 19 रन बनाए। पत्रिका से सत्येंद्र सिंह और शैलेंद्र शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

टेनिस क्रिकेट: कैन्यन और मैवरिक्स की टीमें जीतीं
इससे पूर्व सुबह खेले गए टेनिस क्रिकेट के मुकाबलों में कैन्यन और मीनाल मैवरिक्स की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। टीम कैन्यन ने बंसल हास्पिटल क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हराया। बंसल ने आठ ओवर में 61/9 रन बनाए। जवाब में कैन्यन ने आठ ओवर में लक्ष्य हासिल किया। प्रकाश सिंह ने 25 रन, जबकि श्रीधर द्विवेदी ने 3 विकेट लिए। वहीं मीनाल मैवरिक्स ने एक्स क्रिकेटर टीम को छह विकेट से हराया। एक्स क्रिकेटर ने आठ ओवर में 90/7 रन बनाए, जिसमें मिलिंद जैन ने 38 रन ठोके। जवाब में मीनल मैवरिक्स ने आठ ओवर में 94/4 रन बनाकर मैच जीत लिया।

