नई दिल्ली : आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, और उससे पहले पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने आरसीबी की ऑल-टाइम प्लेइंग 11 का चयन किया। दिनेश कार्तिक खुद भी आईपीएल में आरसीबी की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने केवल प्लेइंग 11 ही नहीं चुनी, बल्कि टीम के लिए दो इम्पैक्ट प्लेयर का भी चयन किया।
गेल-डुप्लेसिस ओपनर
दिनेश कार्तिक ने आरसीबी की ऑल-टाइम प्लेइंग इलेवन के लिए बतौर ओपनर क्रिस गेल और फॉफ डुप्लेसिस का चयन किया। गेल ने आरसीबी के लिए खेते हुए 5 शतकों की मदद से 3,163 रन बनाए थो तो वहीं डु प्लेसिस ने कप्तान के तौर पर तीन सीजन खेले जिसमें उन्होंने 45 मैचों में 15 अर्धशतकों के साथ 1,636 रन बनाए।
विराट कोहली नंबर 3
कार्तिक ने विराट कोहली को बैटिंग क्रम में तीसरे नंबर पर रखा हालांकि वो अब टीम के लिए ओपन करते हैं और आईपीएल 2025 में ओपन करते हुए उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। कोहली ने आरसीबी के लिए खेले अब तक के 259 मैचों में 39.55 की औसत से 8,661 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और इसमें उनके 63 अर्धशतक और 8 शतक भी शामिल हैं। कार्तिक ने बैटिंग क्रम में चौथे नंबर पर रजत पाटीदार को रखा जो फिलहाल टीम के कप्तान भी हैं।
एबी-जितेश को भी जगह
दिनेश कार्तिक ने मिडिल ऑर्डर में एबी डिविलियर्स और जितेश शर्मा को रखा। एबी ने आरसीबी के लिए 156 मैचों में 4,491 रन बनाए थे जिसमें 37 अर्धशतक और दो शतक शामिल थे। 2021 सीजन के खत्म होने के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट के सभी प्रारूप से संन्यास ले लिया था। कार्तिक ने जितेश शर्मा और क्रुणाल पंड्या को छठे और सातवें नंबर पर रखा। इन दोनों ने 2025 सीजन में टीम के खिताब जीतने के सफर में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
टीम में शामिल किए गए 3 तेज गेंदबाज
दिनेश कार्तिक ने इस ऑल-टाइम टीम में तेज गेंदबाज के रूप में हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड को शामिल किया। हर्षल पटेल ने आरसीबी के लिए खेलते हुए कुल 99 विकेट हासिल किए और साल 2021 में पर्पल कैप भी जीती थी। सिराज ने टीम के लिए 87 मैचों में 83 विकेट लिए, जबकि हेजलवुड ने आईपीएल 2025 में 22 विकेट लेकर आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्तिक ने स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में युजवेंद्र चहल को भी चुना, जिन्होंने 2014 से 2021 तक टीम के लिए 113 मैचों में 139 विकेट हासिल किए।
दिनेश कार्तिक द्वारा चुनी आरसीबी की ऑल-टाइम प्लेइंग 11
क्रिस गेल, फॉफ डुप्लेसिस, विराट कोहली, रजत पाटीदार, एबी डिविलियर्स, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, जोश हेजलवुड।

