लंदन : मिस्र के दिग्गज फुटबॉलर मोहम्मद सलाह ने लिवरपूल एफसी को छोड़ने का फैसला कर लिया है। मौजूदा सीजन के अंत के साथ ही उनका क्लब के साथ लिबर्टी समाप्त हो जाएगा और इसे आगे रीन्यू नहीं किया जाएगा, जिसकी पुष्टि खुद खिलाड़ी और क्लब दोनों ने कर दी है। सलाह लंबे समय से लिवरपूल के सबसे अहम स्ट्राइकरों में गिने जाते रहे हैं, ऐसे में उनके जाने की खबर ने फैंस को चौंका दिया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि जिस क्लब के साथ वे कभी रिटायरमेंट तक खेलने की बात करते थे, उसी टीम को छोड़ने का फैसला लेना पड़ा।
सालाह ने तोड़ी चुप्पी?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मोहम्मद सालाह ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी। अपने भावुक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि उनके समर्थक यह खबर सीधे उनसे सुनें। उन्होंने इसे अपने फेयरवेल का पहला हिस्सा बताया, जो दर्शाता है कि आने वाले समय में और भी विदाई संदेश सामने आ सकते हैं।
सालाह के विवाद की असली वजह क्या?
दरअसल, सालाह और लिवरपूल के बीच विवाद की शुरुआत दिसंबर 2025 से हुई। सालाह ने सीधे तौर पर मैनेजर आर्ने स्लॉट पर गंभीर आरोप लगाए। सालाह ने दावा किया कि क्लब ने उन्हें प्लेइंग-11 में मौका न देकर ऐसे अपमानित किया मानो कि बस के नीचे फेंक दिया है। यह बयान तब आया जब सलाह को लगातार तीन मैचों में बेंच पर बैठाया गया था। उन्होंने अपने योगदान को कमतर आंके जाने की बात कही, जिससे टीम के भीतर और सार्वजनिक रूप से एक तनावपूर्ण माहौल बन गया। इससे टीम के मनोबल पर भी असर पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बयान के लगभग तीन महीने बाद सालाह ने टीम छोड़ने का एलान कर दिया।
2017 से लिवरपूल के साथ सालाह
33 साल के सालाह 2017 में एसएस रोमा से लगभग 50 मिलियन डॉलर में लिवरपूल आए थे। उन्होंने 435 मैचों में 255 गोल किए, जिससे वह क्लब के ऑल-टाइम टॉप स्कोरर्स में तीसरे स्थान पर पहुंच गए। सालाह ने अपना नाम क्लब के महान खिलाड़ियों में दर्ज करा लिया है। लिवरपूल में अपने नौ साल के करियर के दौरान, सालाह ने टीम को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाईं। क्लब की प्रीमियर लीग, यूईएफए चैंपियंस लीग, एफए कप, लीग कप, क्लब वर्ल्ड कप और यूईएफए सुपर कप जैसी बड़ी खिताबी जीत में सालाह का अहम योगदान रहा।
गोल मशीन सालाह: चार बार जीता गोल्डन बूट अवॉर्ड
व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो मोहम्मद सलाह ने चार बार प्रीमियर लीग गोल्डन बूट जीता। थिएरी हेनरी के रिकॉर्ड की बराबरी की। 2017-18 के अपने पहले सीजन में 44 गोल दागकर उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे आज भी लीग इतिहास के सबसे बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शनों में शामिल किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने विदाई संदेश में सलाह ने लिवरपूल एफसी, शहर और फैंस के प्रति गहरी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि लिवरपूल उनके लिए सिर्फ एक क्लब नहीं, बल्कि एक भावना, इतिहास और आत्मा है। उन्होंने उन पलों को याद किया जब टीम ने जीत का जश्न मनाया और मुश्किल समय में एकजुट होकर खड़ी रही। सलाह का जाना क्लब के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।


