दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को पछाड़ा, IPL इतिहास में 19वीं बार किया कमाल; मुंबई इंडियंस बनी नंबर-1 टीम

0

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 सीजन का पांचवां मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई। दोनों टीमों के बीच में ये मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां पर टारगेट का पीछा करने वाली टीम का पलड़ा अब तक भारी दिखा है। अक्षर पटेल के पहले गेंदबाजी करने फैसले को उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह से सही साबित करने के साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम को पूरे 20 ओवर्स भी बल्लेबाजी नहीं करने दी और उनकी पारी को 18.4 ओवर्स में 141 रनों के स्कोर पर समेट दिया। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने एक खास मामले में राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया।

टी20 क्रिकेट में किसी भी टीम के लिए विरोधी टीम को समेटना काफी मुश्किल काम होता है, क्योंकि इसे बल्लेबाजों का फॉर्मेट माना जाता है। आईपीएल में इस मामले में अभी तक सबसे ज्यादा बार विरोधी टीम को ऑल आउट करने के मामले में मुंबई इंडियंस का शानदार रिकॉर्ड देखने को मिलता है, जिसमें उन्होंने 40 बार ये कारनामा किया है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स को लेकर बात की जाए तो वह इस लिस्ट में अभी संयुक्त रूप से पंजाब किंग्स के साथ छठे नंबर पर काबिज हैं, जिसमें उन्होंने ये कारनामा 19वीं बार किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया है जिन्होंने अब तक आईपीएल के इतिहास में विरोधी टीम को 18 बार ऑल आउट करने का कारनामा किया है।

आईपीएल में विरोधी टीम को सबसे ज्यादा बार समेटने वाली टीम
  • मुंबई इंडियंस – 40 बार
  • रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 27 बार
  • कोलकाता नाइट राइडर्स – 25 बार
  • चेन्नई सुपर किंग्स – 25 बार
  • सनराइजर्स हैदराबाद – 21 बार
  • दिल्ली कैपिटल्स – 19 बार
  • पंजाब किंग्स – 19 बार
  • राजस्थान रॉयल्स – 18 बार

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच को दिल्ली कैपिटल्स की टीम 6 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीजन का आगाज जीत से करने में सफल रही है। टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें उन्होंने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने दिल्ली की पारी को ना सिर्फ संभाला बल्कि 17.1 ओवर्स में जीत दिलाकर भी वापस लौटे। समीर रिजवी के बल्ले से 47 गेंदों में 70 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं स्टब्स ने 39 रनों की पारी खेली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here