नई दिल्ली : लखनऊ सुपर जायंट्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम की गेंदबाजी पर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर एनरिक नॉर्खिया के प्रदर्शन ने आलोचकों को खुलकर बोलने का मौका दे दिया है, जिससे उनकी फॉर्म और प्रभावशीलता पर चर्चा तेज हो गई है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णामचारी श्रीकांत ने तो यहां तक कह दिया कि एनरिक नॉर्खिया पिछले चार वर्षों से लगातार खराब गेंदबाजी कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 142 रन के मामूली लक्ष्य का बचाव करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने शानदार शुरुआत की थी। मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने दिल्ली कैपिटल्स को शुरुआती झटके भी दिये। हालांकि, जैसे ही एनरिक नॉर्खिया गेंदबाजी के लिए आए मैच का रुख बदल गया। उनके महंगे स्पेल ने दिल्ली कैपिटल्स को वापसी का मौका दिया। इसी प्रदर्शन को लेकर श्रीकांत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एनरिक नॉर्खिया की गेंदबाजी पर गंभीर सवाल खड़े किये।
नॉर्खिया की गेंदबाजी से बदला मुकाबले का रुख
कृष्णामचारी श्रीकांत ने अपने YouTube चैनल पर लखनऊ सुपर जायंट्स की गेंदबाजी, खासतौर पर एनरिक नॉर्खिया को लेकर कहा कि टीम के गेंदबाज शुरुआत में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को बांधकर रखे हुए थे। लेकिन नॉर्खिया ने 150+ की तेज रफ्तार से गेंदबाजी करने की कोशिश में लाइन-लेंथ खो दी, जिससे मैच का रुख दिल्ली कैपिटल्स के पक्ष में चला गया।
श्रीकांत ने कहा, ‘शाहबाज अहमद ने भी यही किया और समीर रिजवी ने उनकी जमकर धुनाई की। एनरिक नॉर्खिया ने IPL या T20 में आखिरी बार अच्छी गेंदबाजी कब की थी? उन्हें अच्छी गेंदबाजी किए हुए तो अरसा बीत गया है। उन्होंने आखिरी बार 2020/21 में अच्छी गेंदबाजी की थी।’ श्रीकांत ने कहा, ‘पिछले चार साल में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। एनरिक नॉर्खिया के आने से पहले दूसरे तेज गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन्होंने आकर दिल्ली कैपिटल्स को मुफ्त में रन लुटा दिये।’
समीर रिजवी ने जीता दिल, हर तरफ हो रही प्रशंसा
कृष्णामचारी श्रीकांत ने दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी की लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच जिताने वाली पारी की जमकर तारीफ की। जब रिजवी बल्लेबाजी करने उतरे, तब दिल्ली कैपिटल्स 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे ओवर में 21/2 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी। हालांकि उन्होंने शुरुआत में संयम दिखाया, लेकिन बाद में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने समझदारी भरा क्रिकेट खेलते हुए अच्छे गेंदबाजों के खिलाफ धैर्य रखा और सही मौके का इंतजार किया। श्रीकांत ने अपने YouTube चैनल पर कहा कि मैच का रुख एनरिक नॉर्खिया और शाहबाज अहमद के ओवरों में ही तय हो गया था।


