नवी मुंबई में बनेगा 1 लाख क्षमता वाला क्रिकेट स्टेडियम, अमोल काले का सपना साकार

0

नई दिल्ली : मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने नवी मुंबई में अपने नए क्रिकेट स्टेडियम के लिए जमीन हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी दर्शक क्षमता करीब 1,00,000 होगी। MCA के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने हाल के हफ्तों में CIDCO के प्रबंध निदेशक विजय सिंह से कई दौर की बातचीत की है और उम्मीद जताई जा रही है कि एसोसिएशन को जल्द ही जमीन मिल जाएगी। इस स्टेडियम के निर्माण के साथ MCA के पूर्व अध्यक्ष अमोल काले का सपना भी साकार होगा, क्योंकि उनके कार्यकाल के दौरान ही नवी मुंबई में स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव सामने आया था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक विजन बताया था कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को 1,00,000 दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम बनाने की कोशिश करनी चाहिए। क्रिकेट फैंस के जबरदस्त जोश और हमारे एसोसिएशन की समृद्ध विरासत को देखते हुए मुख्यमंत्री इस परियोजना और नवी मुंबई में इसके संभावित कार्यान्वयन को लेकर बहुत सकारात्मक रहे हैं, जहां हम आधुनिक सुविधाओं वाला एक सच में विश्व स्तरीय स्टेडियम बना सकते हैं। मैं सीआईडीसीओ के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल से कई बार मिला हूं और एमसीए ने इस विजन को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दिए हैं।’

फडणवीस से जल्द मुलाकात करेंगे नाइक

एमसीए के अध्यक्ष जल्द ही इसी मुद्दे को लेकर फडणवीस से मिलेंगे और परियोजना में तेजी लाने के लिए आगे की कार्रवाई की दरख्वास्त करेंगे। मुंबई में अभी वानखेड़े स्टेडियम है, जो सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैचों की मेजबानी करता है। 33,108 दर्शक क्षमता और फैंस के बीच बढ़ती मांग के साथ एमसीए ज्यादा फैंस को मैच देखने के लिए एक बड़ा स्टेडियम बनाना चाहता है।

फडणवीस ने स्टेडियम के लिए जमीन देने का भरोसा दिलाया

मई 2025 में फडणवीस ने एक सार्वजनिक क्रार्यक्रम में एमसीए को जमीन देने का वादा किया था, जहां वे 1,00,000 दर्शक क्षमता वाला एक नया स्टेडियम बना सकें। फडणवीस ने 2025 में वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड का नाम बदलते हुए कहा था, ‘पिछले साल, काले (दिवंगत अमोल काले) और अजिंक्य नाइक (मौजूदा एमसीए अध्यक्ष) मेरे पास एक दरख्वास्त लेकर आए थे कि एमसीए को कम से कम 1,00,000 दर्शकों क्षमता वाला एक और स्टेडियम बनाने की जरूरत है। आज मैं अजिंक्य को भरोसा दिलाता हूं कि अगर आप प्रपोजल लेकर आते हैं तो महाराष्ट्र सरकार आपको एमसीए को अपना बड़ा स्टेडियम बनाने के लिए जमीन का टुकड़ा देगी, जिसमें 1,00,000 दर्शक बैठ सकते हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here