नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने आईपीएल 2024 में खेलने की अनुमति पाने के लिए गुरुवार (2 अप्रैल) को अदालत का रुख किया है। दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने फिटनेस टेस्ट में फेल होने के कारण उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार कर दिया है। 31 वर्षीय इस गेंदबाज को आईपीएल ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खरीदा था, लेकिन अब बोर्ड की मंजूरी न मिलने के चलते उनका मामला कानूनी विवाद में पहुंच गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषारा ने कोलंबो जिला न्यायालय में मामला दायर कर श्रीलंका क्रिकेट (SLC) को एनओसी जारी करने का आदेश देने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई 9 अप्रैल को होगी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार 2022 से अपने देश के लिए 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस खिलाड़ी ने दलील दी है कि एसएलसी के साथ उनका अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो गया था और वह इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं।
तुषारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने के करीब
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषारा ने कहा कि उन्होंने एसएलसी को अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त करने की अपनी इच्छा के बारे में बता दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में फिटनेस टेस्ट में असफल होने के कारण एनओसी नहीं देने के फैसले को अदालत को रद्द कर देना चाहिए। एसएलसी ने राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए फिटनेस टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।
आरसीबी ने 2025 में 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषारा ने कहा कि उनकी फिटनेस का स्तर कभी भी कम नहीं पाया गया और उन्हें पहले भी एसएलसी ने इसी तरह के फिटनेस स्तर पर खेलने की अनुमति दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तुषारा को आरसीबी ने 2025 में 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पिछले सत्र में टीम की तरफ से एक मैच खेला था। इस तेज गेंदबाज ने अभी तक कुल मिलाकर 137 टी20 मैचों में 21.25 के औसत से 174 विकेट लिए हैं।


