एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मीनाक्षी और जैस्मीन सेमीफाइनल में पहुंचीं

0

नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियन भारतीय बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा और जैस्मीन लैम्बोरिया ने रविवार को मंगोलिया के उलानबातार में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। मीनाक्षी ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में जबकि जैस्मीन ने 57 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। इन दोनों की जीत के साथ यह तय हो गया है कि इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 10 भारतीय महिला मुक्केबाज पदक जीतेंगी। वहीं पुरुष वर्ग में क्वार्टरफाइनल में लोकेश, आकाश और हर्ष चौधरी की जीत के साथ भारतीय पुरुष मुक्केबाजों ने भी कुल छह पदक पक्के कर लिए हैं।

मीनाक्षी ने जापान की युका सदामत्सु को सर्वसम्मति निर्णय से 5-0 से मात दी। जैस्मीन ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की ज़ियी चेन को 5-0 से हराया। पुरुष वर्ग में, लोकेश ने रिपब्लिक ऑफ कोरिया के गिचाई किम को 5-0 से हराकर 85 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। आकाश ने तुर्कमेनिस्तान के य्लस बग्टियारोव को 5-0 से मात दी, जबकि हर्ष चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किर्गिस्तान के तिनिस्तान अलीबायेव को 5-0 से हराकर शीर्ष चार में जगह बनाई। इसके अलावा अंकुश (80 किग्रा) जॉर्डन के हुसैन इशाइश से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। निकहत जरीन, प्रिया घंघास और प्रीति पवार ने शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने पदक पक्के कर लिए।

29 वर्षीय निकहत जरीन सोमवार को महिला 51 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पेरिस 2024 की स्वर्ण पदक विजेता चीन की वू यू से मुकाबला करेंगी। महिला 54 किग्रा वर्ग में, वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार सेमीफाइनल में पेरिस 2024 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता रिपब्लिक ऑफ कोरिया की इम ऐजी से मुकाबला करेंगी। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन सोमवार को फाइनल में जगह बनाने के लिए उज्बेकिस्तान की अजीजा ज़ोकिरोवा का सामना करेंगी। वहीं, ओलंपियन पूजा रानी का मुकाबला कजाकिस्तान की नादेज़्दा रियाबेट्स से होगा।

भारत ने इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए 20 सदस्यीय मुक्केबाजी टीम भेजी है। खास बात यह है कि स्वीकृत भार वर्गों में फाइनल में पहुंचने वाले भारतीय मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई कर लेंगे। मौजूदा एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 21 राष्ट्रीय महासंघों के कुल 194 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 20 से अधिक ओलंपियन भी शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here