नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के अपने तीसरे लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 251 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, जिसमें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे जल्दी-जल्दी अपने विकेट गंवाकर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।
तीन विकेट जल्दी गिर जाने के बाद सरफराज खान ने शानदार अर्धशतकीय पारी (50 रन) खेली, लेकिन वो फिर आउट हो गए। सीएसके ने जब भी जल्दी-जल्दी रन बनाने के कोशिश की इस टीम के विकेट लगातार गिरते रहे। प्रशांत वीर ने 43 रनों की अच्छी पारी खेली और जेमी ओवर्टन ने कुछ जोरदार शॉट लगाए, लेकिन आखिर में टीम सिर्फ 207 रन ही बना सकी। इस इस टीम की लगातार तीन हार रही, लेकिन अभी कुछ फर्क नहीं पड़ा है और इस टीम के पास प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है।
CSK की क्वालिफिकेशन की समीकरण क्या कहती है?
सीएसके को इस सीजन में पहली हार राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली थी जबकि इसके बाद उसे पंजाब किंग्स ने हरा दिया और अब आरसीबी ने भी इस टीम को पीट दिया। इसमें कोई शक नहीं है कि लगातार 3 हार ने सीएसके के अभियान को मुश्किल में डाल दिया है और उसे आगे के मैचों में जीत दर्ज करने के साथ साथ ही प्लेऑफ की दौड़ में वापस आने के लिए बड़े बदलाव की जरूरत होगी।
आमतौर पर किसी भी टीम को प्लेऑफ में बिना अन्य नतीजों पर निर्भर हुए पहुंचने के लिए 16 से 18 अंकों की जरूरत होती है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन में अब तक 3 मैच खेल लिए हैं और उसके पास अभी 11 मुकाबले बाकी हैं। ऐसे में अगर टीम को प्लेऑफ में जगह बनानी है तो ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK को बचे हुए 11 मैचों में से कम से कम 8 मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। अगर टीम ऐसा करने में नाकाम रहती है, तो उसके लिए अंतिम चार में पहुंचना काफी मुश्किल हो जाएगा। मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए यह चुनौती आसान नहीं लग रही है।


