पावरप्ले में सरफराज का धमाका; रोहित, रैना समेत 8 खिलाड़ियों की बराबरी, वैभव 4 खिलाड़ियों के साथ टॉप पर

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 11वें लीग मैच में सीएसके को आरसीबी के खिलाफ 43 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मुकाबले में चेन्नई के बल्लेबाज सरफराज खान ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया। सरफराज ने उस समय मोर्चा संभाला जब सीएसके ने सिर्फ 30 रन के स्कोर पर अपने 3 अहम विकेट खो दिए थे। शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में थी, लेकिन सरफराज पूरी तरह जुझारू अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे और उन्होंने आरसीबी के गेंदबाजों को कड़ी टक्कर दी।

सरफराज खान ने इस मुकाबले में 25 गेंदों पर 2 छक्के और 8 चौकों की मदद से 50 रन की पारी खेली और उनका स्ट्राइक रेट 200.00 का रहा। सरफराज अगर क्रीज पर कुछ देर और होते तो सीएसके के लिए कुछ अच्छा हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। हालांकि सरफराज ने जो 50 रन की पारी खेली वो पावरप्ले के दौरान आई यानी उन्होंने पहले 6 ओवर के अंदर ही 50 रन बना दिए और रोहित, रहाणे, रैना समेत 8 खिलाड़ियों की बराबरी कर ली।

सरफराज खान ने 8 खिलाड़ियों की बराबरी की

सरफराज ने आरसीबी के खिलाफ पावरप्ले के दौरान 50 रन बनाए और वो पावरप्ले में 50 या उससे ज्यादा बड़ी पारी खेलने वाले 14वें भारतीय खिलाड़ी बने। यही नहीं सरफराज खान ने आईपीएल में पावरप्ले के दौरान पहली बार 50 रन की पारी खेली और उन्होंने सनी सोहल, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, प्रभसिमरन सिंह, नितिश राणा, प्रियांश आर्या, करुण नायर और रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। इन सभी खिलाड़ियों ने आईपीएल में पावरप्ले के दौरान एक-एक बार 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली है।

वैभव टॉप पर, इशान और यशस्वी के साथ बराबरी में मौजूद

आईपीएल में पावरप्ले के दौरान 50 या उससे बड़ी पारी खेलने के मामले में पहले स्थान पर संयुक्त रूप से 5 खिलाड़ी मौजूद हैं। इनमें वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन, यशस्वी जायसवाल, रिद्धिमान साहा और केएल राहुल शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने इस लीग में पावरप्ले के भीतर 50 या उससे अधिक रन की पारी 2-2 बार खेलने का कारनामा किया है। हालांकि इनमें से 4 खिलाड़ियों के पास इस सूची में अकेले शीर्ष स्थान हासिल करने का अवसर अभी भी बना हुआ है।

पावरप्ले में सीएसके के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज

87 रन – सुरेश रैना बनाम पीबीकेएस (2014)
59 रन – मोईन अली बनाम आरआर (2022)
53 रन – अजिंक्य रहाणे बनाम एमआई (2023)
50 रन – ड्वेन स्मिथ बनाम एमआई (2015)
50 रन – सरफराज खान बनाम आरसीबी (2026)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here