एनएसटी न्यूज, भोपाल। National Cadet Corps (NCC) के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय नौकायन शिविर का 9 अप्रैल को भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर 2 अप्रैल से प्रारंभ हुआ था, जिसमें देशभर से आए 30 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। सप्ताहभर चले इस शिविर में कैडेट्स को नौकायन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें बोट हैंडलिंग, नेविगेशन और जल सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण स्किल्स शामिल रहीं। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
समापन समारोह में 1 एमपी नेवल एनसीसी के लेफ्टिनेंट कमांडर Ayush Dodani मौजूद रहे, जिनके निर्देशन में पूरे शिविर का संचालन किया गया। इसके अलावा मुख्य पेटी ऑफिसर (CPO) विपिन मिश्रा ने कैडेट्स को नौकायन का प्रशिक्षण प्रदान किया और समारोह में उनकी भी विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर कैडेट्स को उनके प्रदर्शन के आधार पर Yachting Association of India (YAI) द्वारा लेवल I, II और III के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह प्रमाणन कैडेट्स के कौशल और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को दर्शाता है। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन और उत्साह की सराहना की।


