नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ अपनी शानदार पारी से एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके लिए उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है। उनकी बल्लेबाजी में परिपक्वता और आत्मविश्वास साफ नजर आया, मानो वह गेंदबाजों के नहीं बल्कि गेंद के साथ खेल रहे हों। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उनकी प्रतिभा की हर तरफ चर्चा होने लगी। दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी वैभव से खासे प्रभावित नजर आए और उन्होंने उन्हें टी20 फॉर्मेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज तक बता दिया, जो इस युवा खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।
वैभव: अग्रेसिव नहीं, लेकिन बेहद खतरनाक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सहवाग से पूछा गया कि क्या वैभव इस वक्त आईपीएल के सबसे अग्रेसिव बैटर हैं। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मैं उन्हें अग्रेसिव नहीं बल्कि सबसे खतरनाक बल्लेबाज कहूंगा। अग्रेसिव तो बहुत सारे बैटर हैं, लेकिन वो खतरनाक हैं जो 26 गेंदों पर 78 रन बनाते हैं। कितने बल्लेबाज हैं, अगर आप रोहित शर्मा को ले लें, यशस्वी जायसवाल को लें या फिर अभिषेक शर्मा को ले लें या फिर आप अन्य किसी ओपनर को ले लें तो इनमें से कितने हैं जो 25-26 गेंदों पर 78 रन बनाते हैं।
नन्हा बैटर , वर्ल्ड क्लास बॉलर: मैदान पर रोमांच
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सहवाग ने आगे कहा कि ऐसा नहीं है कि कोई बच्चा बॉलिंग कर रहा है, बच्चा खेल रहा है, लेकिन बॉलिंग वर्ल्ड क्लास बॉलर्स कर रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, क्रुणाल पंड्या सब इंटरनेशनल बॉलर हैं और इनके पास काफी अनुभव है। अब वैभव इन सभी को आराम से खेल रहे हैं तो वो अब डेंजरस बल्लेबाज बनते जा रहे हैं। विरोधी टीमें अब उनके खिलाफ ज्यादा तैयारी करके आती है मुझे ऐसा लगता है। क्योंकि वो सोचते हैं कि इसको आउट करना जरूरी है क्योंकि अगर ये रह गया पावरप्ले में तो फिर 90-95-100 रन आराम से बन सकते हैं।
वैभव का जलवा: गेंदबाजों में छा गया खौफ
मनोज तिवारी का मानना है कि पिछले दो साल में वैभव ने ऐसा डर पैदा करने वाला माहौल बना दिया है, जो बेहद खास है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि पहले जब क्रिस गेल, युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज बल्लेबाज मैदान पर उतरते थे, तो गेंदबाजों के मन में डर रहता था कि किसी भी गेंद पर छक्का लग सकता है। अब वही असर वैभव अपनी बल्लेबाजी से दिखा रहे हैं। वह बड़ी आसानी से छक्के जड़ते हैं और हर तरह के गेंदबाजों पर हावी नजर आते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब लोग खास तौर पर वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए मैदान में पहुंचना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने खेल से ऐसा माहौल बना दिया है जो दर्शकों को आकर्षित करता है।


