रोटरडैम / नई दिल्ली. भारतीय एथलेटिक्स के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब सावन बरवाल ने 48 साल पुराना राष्ट्रीय मैराथन रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने नीदरलैंड्स के NN Marathon Rotterdam में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। Sawan Barwal ने 42.195 किलोमीटर की दौड़ 2 घंटे 11 मिनट 58 सेकंड में पूरी की और 20वें स्थान पर रहे। इसी के साथ उन्होंने 1978 से शिवनाथ सिंह के नाम दर्ज 2:12:00 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो भारतीय एथलेटिक्स में सबसे लंबे समय तक कायम रहने वाला रिकॉर्ड था।
इस रेस में भारत के एक अन्य धावक गोपी थोनाकल भी शामिल थे, जिन्होंने 2:13:16 का समय निकालकर 23वां स्थान हासिल किया। बरवाल के लिए यह उनका पहला मैराथन था, और इस प्रदर्शन ने उनके करियर में एक बड़ा मोड़ जोड़ दिया है। उन्होंने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) द्वारा 2026 एशियन गेम्स के लिए तय 2:15:00 क्वालिफिकेशन मानक को भी पार कर लिया।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदर नगर के एक गांव से आने वाले 28 वर्षीय बरवाल भारतीय सेना में कार्यरत हैं। उनकी यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत और लगातार ट्रेनिंग का परिणाम मानी जा रही है।
बरवाल पहले भी ट्रैक और लंबी दूरी की दौड़ में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने 2022 में फेडरेशन कप में 10000 मीटर में सिल्वर मेडल जीता था और उसी साल नेशनल गेम्स में 5000 मीटर में ब्रॉन्ज हासिल किया। 2023 में उन्होंने एशियन हाफ मैराथन में भी कांस्य पदक जीता। 2024 और 2025 उनके करियर के सबसे सफल साल रहे, जहां उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए।


