चेन्नई। Jamie Overton की शानदार गेंदबाजी के दम पर Chennai Super Kings ने चेपॉक में जीत का सूखा खत्म करते हुए एक बार फिर जीत की राह पकड़ ली। दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में ओवरटन ने मैच का रुख बदलते हुए चार विकेट झटके और टीम को अहम जीत दिलाई।
अपने 32वें जन्मदिन के एक दिन बाद ओवरटन ने चेपॉक के करीब 32 हजार दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स का विकेट लेकर जब चौथी बार जश्न मनाया, तो पूरा स्टेडियम उनके नाम के नारों से गूंज उठा।
यह जीत CSK के लिए बेहद खास रही, क्योंकि टीम ने IPL 2025 से चले आ रहे लगातार छह घरेलू हार के सिलसिले को तोड़ा। ओवरटन ने 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए दिल्ली की मिडिल ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
उनकी गेंदबाजी का सबसे बेहतरीन उदाहरण डेविड मिलर का विकेट रहा, जहां तेज रफ्तार और सही लेंथ के सामने बल्लेबाज पूरी तरह चकमा खा गया। मिलर गेंद की रफ्तार को समझ ही नहीं पाए और गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी।
दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही ओवरटन आलोचना का शिकार बने थे, जब उन्होंने आरसीबी के खिलाफ एक ओवर में 30 रन लुटा दिए थे। लेकिन चेपॉक की उछाल भरी पिच पर उन्होंने अपनी रणनीति बदली और हार्ड लेंथ गेंदबाजी पर भरोसा करते हुए शानदार वापसी की।
CSK के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने भी ओवर टन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी की और विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। गेंदबाजी के अलावा ओवरटन ने बल्लेबाजी में भी योगदान देते हुए 37 रन बनाए, जिससे टीम का स्कोर मजबूत हुआ।


