नई दिल्ली : आईपीएल सिर्फ बड़े शॉट्स और रिकॉर्ड्स तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के सफर की रोचक कहानियां भी बयां करती है। दुनिया की सबसे बड़ी और रोमांचक टी20 लीग मानी जाने वाली आईपीएल में हर साल होने वाली नीलामी कई नए सरप्राइज लेकर आती है। इसी वजह से कई बड़े स्टार क्रिकेटर्स को बार-बार अपनी टीम बदलनी पड़ती है, जिससे उनके करियर का सफर और भी दिलचस्प बन जाता है।
युवराज सिंह, दिनेश कार्तिक और रॉबिन उथप्पा जैसे बड़े खिलाड़ियों ने अपने आईपीएल करियर में सिर्फ एक या दो नहीं, बल्कि छह या उससे भी अधिक टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। इस सूची में सबसे आगे तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट हैं, जो अब तक रिकॉर्ड 8 अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं। आइए एक नजर डालते हैं उन चर्चित भारतीय क्रिकेटरों पर, जिन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार अपनी फ्रेंचाइजी बदली है।
- दिनेश कार्तिक: दिल्ली डेयरडेविल्स, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात लायंस, कोलकाता नाइट राइडर्स।
- रॉबिन उथप्पा: मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स।
- युवराज सिंह: पंजाब किंग्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस।
- इशांत शर्मा: कोलकाता नाइट राइडर्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस।
- मनीष पांडे: मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स।
- जयदेव उनादकट: कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली डेयरडेविल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद।
दिनेश कार्तिक ने KKR के लिए सबसे ज्यादा 61 मैच
दिनेश कार्तिक ने अपने करियर के दौरान कुल 257 आईपीएल मैच खेले। इसमें उन्होंने 26.31 के औसत और 135.36 के स्ट्राइक रेट से 4842 रन बनाए। इसमें 22 अर्धशतक शामिल हैं। उनका अधिकतम स्कोर नाबाद 97 रन है। वह 50 बार नाबाद पवेलियन लौटे। दिनेश कार्तिक दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 56, पंजाब किंग्स के लिए 14, मुंबई इंडियंस के लिए 36, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 60, गुजरात लायंस के लिए 30 और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 61 मैच खेले।
KKR के लिए रॉबिन उथप्पा ने खेले 86 मैच
रॉबिन उथप्पा ने अपने आईपीएल करियर में 205 मैच खेले। इसमें उन्होंने 27.51 के औसत और 130.35 के स्ट्राइक रेट से 4952 रन बनाए। आईपीएल में उनका उच्चमत स्कोर 88 रन रहा। रॉबिन उथप्पा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 में मुंबई इंडियंस के साथ की थी। वह मुंबई इंडियंस के लिए 14 मैच खेले। इसके अलावा वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 31, पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए 46, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 86 मैच, राजस्थान रॉयल्स के लिए 12 और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 16 मैच खेले।
युवराज सिंह ने 132 IPL मैच में बनाए 2750 रन
युवराज सिंह भी आईपीएल में आधा दर्जन टीमों के खिलाफ खेले। युवराज सिंह ने अपने करियर में 132 आईपीएल मैच खेले। इसमें उन्होंने 24.77 के औसत और 129.71 के स्ट्राइक रेट से 2750 रन बनाए। इसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 83 रन था। युवराज ने 36 विकेट भी लिए। युवराज सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। युवराज ने पंजाब के लिए 51 मैच खेले। इसके अलावा पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए 27, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 14, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 14, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 22 और मुंबई इंडियंस के लिए चार मैच खेले।
इशांत शर्मा ने सबसे ज्यादा 31 मैच KKR के लिए खेले
सात आईपीएल टीमों के लिए खेल चुके इशांत शर्मा ने अब तक 117 मैच खेले। इसमें उन्होंने 35.17 के औसत और 8.37 की इकॉनमी से 96 विकेट लिए। उन्होंने पारी में एक बार पांच विकेट भी लिए। इशांत शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स से की। केकेआर के लिए उन्होंने 31 मैच खेले। इशांत ने इसके अलावा डेक्कन चार्जर्स के लिए 12, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 23, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए चार, किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए छह, दिल्ली कैपिटल्स के लिए 34 और गुजरात टाइटंस के लिए सात मैच खेले।
मनीष पांडे आईपीएल में 7 टीमों के लिए खेले
मनीष पांडे भी इंडियन प्रीमियर लीग में सात टीमों के लिए खेले हैं। उन्होंने 174 आईपीएल मैच में 29.41 के औसत और 121.51 के स्ट्राइक रेट से 3942 रन बनाए। इसमें उनका एक शतक और 22 अर्धशतक भी शामिल हैं। मनीष पांडे का आईपीएल का उच्चतम स्कोर नाबाद 114 रन है। मनीष पांडे ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 में मुंबई इंडियंस से की थी।
मनीष पांडे मुंबई इंडियंस के लिए उस सीजन तीन मैच खेले थे। मनीष पांडे ने इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 18, पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए 27, कोलकाता नाइट राइडर्स 55, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 43, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 6, दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैच खेले। मनीष पांडे ने आईपीएल के 2024 और 2025 संस्करण में केकेआर के लिए क्रमशः एक और तीन मैच भी खेले।
जयदेव उनादकट आईपीएल में आठ टीमों के लिए खेले
जयदेव उनादकट आईपीएल में सबसे ज्यादा आठ टीमों के लिए खेले। इस दौरान उन्होंने कुल 116 मैच खेले। जयदेव उनादकट ने 2010 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स से की थी। वह लगातार तीन वर्षों तक केकेआर के लिए। इस दौरान उन्हें 11 मैच में खेलने का मौका मिला। हालांकि, केकेआर के लिए उन्होंने कुल 12 मैच खेले।
इसमें एक मैच 2016 के सीजन का भी शामिल है। जयदेव उनादकट ने इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 13, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 10, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए 12, राजस्थान रॉयल्स के लिए 39, मुंबई इंडियंस के लिए पांच, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए तीन और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 22 मैच खेले।


