नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं, जिसकी बदौलत टीम अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। पंजाब किंग्स ने गुरुवार (16 अप्रैल) को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया। अय्यर ने अपनी चार पारियों में तीन अर्धशतक लगाए हैं और चेज के दौरान उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। इसी वजह से पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उन्हें नया चेज मास्टर बताया है और उनकी तुलना दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली से की है।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “सरपंच साहब नए चेज मास्टर हैं। हम विराट कोहली की बात करते हैं और उनके साथ अगर चेज में किसी और खिलाड़ी का नाम जोड़ा जा रहा है तो यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह बहुत बड़ी तारीफ है और सच बात यह है कि उनके जैसे आंकड़े हैं। पिछले दो साल में आप इनके चेज के आंकड़े देखेंगे तो उनका औसत 65 का है और 180 के स्ट्राइक रेट से वह मैच खत्म करके जाते हैं।”
श्रेयस दरवाजा तोड़ने वाले हैं
आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘इस बार भी आउट हो गए अंत में पर मैच खत्म हो गया था। वो चेन्नई के सामने भी आउट हो गए थे। पर मैच खत्म हो गया था तो उस प्रकार से आउट एक दो बार जरूर हुए हैं। वरना औसत जो है न वो 80 पर पहुंची होती। ठीक है इससे बहुत फर्क नहीं पड़ता और श्रेयस दरवाजा खटखटा नहीं रहे। वह दरवाजा तोड़ने वाले हैं। उस तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं।’
क्या श्रेयस अय्यर की टी20 भारतीय टीम में होगी वापसी?
आकाश चोपड़ा के “दरवाजा खटखटाने” वाले बयान का मतलब भारतीय टी20 टीम में चयन से था। श्रेयस अय्यर वनडे टीम के उपकप्तान हैं, लेकिन फिलहाल टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 और टी20 वर्ल्ड कप 2025 दोनों में टीम का हिस्सा नहीं रहे। आईपीएल में अय्यर का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है और कप्तान के रूप में भी उन्होंने प्रभावशाली खेल दिखाया है।


