नई दिल्ली : टेनिस के महान खिलाड़ी Novak Djokovic ने भारतीय दिग्गज Virat Kohli को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि कोहली की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट देखना शुरू किया। लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के दौरान जोकोविच ने कहा, “विराट मेरे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। सच कहूं तो उन्हीं की वजह से मैंने क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया। पहले मैं इसे नहीं देखता था, लेकिन उनके जरिए मेरी रुचि बढ़ी।”
‘भारत आऊं तो कोहली मेरे साथ जुड़ें’: जोकोविच की खास इच्छा
जोकोविच ने अपनी खास इच्छा भी जाहिर की कि जब वह भारत आएं तो कोहली उनके साथ समय बिताएं। उन्होंने टाइम्स नाऊ से बातचीत में कहा, ‘हम संपर्क में रहते हैं और उम्मीद है कि जब मैं भारत आऊंगा, मैं अगर नहीं कहना चाहता, जब आऊंगा, तो उम्मीद है कि वह मेरे साथ जुड़ेंगे। हम थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेलेंगे, मजा करेंगे और खेल के जरिए सकारात्मक ऊर्जा फैलाएंगे।’
भारत के लिए खास संदेश
जोकोविच ने भारतीय फैंस के लिए अपना प्यार भी जताया और जल्द भारत आने की इच्छा दोहराई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मेरा संदेश हमेशा प्यार, सम्मान और आभार का होता है। मुझे वर्षों से भारतीय फैंस का जबरदस्त समर्थन मिला है। मैं जल्द ही भारत आना चाहता हूं। पिछले कुछ वर्षों से मुझे वहां आने का एक अलग ही आकर्षण महसूस हो रहा है।’
भारत आने की योजना
24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके जोकोविच ने यह भी संकेत दिया कि वह भारत में किसी इवेंट या मैच का हिस्सा बनना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मैं भारत में कोई इवेंट होस्ट करना चाहता हूं या मैच खेलना चाहता हूं। मुझे भारतीय लोगों से खास जुड़ाव महसूस होता है।’
नई पीढ़ी की टक्कर पर भी बोले जोकोविच
टेनिस के दिग्गज नोवाक जोकोविच ने नई पीढ़ी की प्रतिद्वंद्विता पर भी खुलकर अपनी राय रखी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर के बीच उभर रही टक्कर को बेहद रोमांचक बताया, लेकिन साथ ही ‘बिग थ्री’ को सबसे महान माना। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोकोविच ने कहा, “सिनर और अल्काराज की राइवलरी शानदार है, लेकिन मेरे लिए बिग थ्री हमेशा सबसे महान रहेंगे।” टेनिस में ‘बिग थ्री’ का मतलब नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल की उस ऐतिहासिक तिकड़ी से है, जिसने वर्षों तक इस खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा।


