एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के तहत आईसेक्ट समूह की महिला क्रिकेट टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के लिए चयन ट्रायल्स का आयोजन भोपाल स्थित Scope Global Skills University परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। ट्रायल्स में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई लगभग 50 महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ट्रायल्स के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण हुए थे। खिलाड़ियों ने बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग और विकेटकीपिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने खिलाड़ियों का मूल्यांकन तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल की समझ और प्रतिस्पर्धात्मक भावना जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर किया।
कार्यक्रम में AISECT India के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, डॉ. अदिति चतुर्वेदी वात्स, डॉ. सीतेश कुमार सिन्हा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के ट्रायल्स महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और महिला क्रिकेट को बढ़ावा देते हैं।
गौरतलब है कि आईसेक्ट समूह ने पिछले वर्ष प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में सहभागिता निभाने के बाद इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ महिला टीम का उद्देश्य प्रदेशभर की उभरती प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना है।
आईसेक्ट समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि ये ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि महिला खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास की शुरुआत हैं। इस पहल के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


