एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत संचालित अकादमी की खिलाड़ियों ने Indian Indoor Open Combined Events and Pole Vault Competition 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। 02 से 03 मई तक भुवनेश्वर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी तनिष्का दायमा ने 3.40 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं नितिका आकरे ने 3.90 मीटर का प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। अकादमी में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और कोचों के मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का पदक जीतना प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। यह सफलता प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के निरंतर विकास और मजबूत होती खेल संस्कृति को भी दर्शाती है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।


